
जकार्ता। पूर्वी इंडोनेशिया के उत्तर मालुकु प्रांत में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 7.2 मापी गई। इंडोनेशिया के मेट्रोलॉजी एंड जियोफिजिक्स के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र प्रांत के लाबुहा से 62 किमी उत्तरपूर्व में था। भूकंप उत्तरी मलुकु प्रांत के टर्नेट शहर से लगभग 165 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थानीय समयानुसार शाम 6:28 बजे आया। यह 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप से सुनामी ( tsunami ) आने की संभावना नहीं थी, इसलिए हमने उसके लिए चेतावनी जारी नहीं की। उन्होंने आगे बताया कि अब तक किसी तरह की नुकसान की कोई खबर नहीं है। अमरीकी जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 7.3 बताई है।
बीते सप्ताह भी आया था भूकंप
स्थानीय आपदा प्रबंधन अधिकारी मसरूर ने कहा कि भूकंप बहुत शक्तिशाली था। भूकंप के झटके से मकान और इमारतें हिलने लगी, इससे लोग घबराए हुए थे।
कई लोग घरों से निकल कर अब भी सड़क किनारे इंतजार कर रहे हैं। टीवी फुटेज में लोगों को घरों से निकलकर भागते हुए देखा जा सकता है।
मसरूर ने कहा कि अधिकारी हालात की समीक्षा कर रहे हैं लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
बता दें कि बीते सप्ताह भी मलुकु प्रांत में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था। हालांकि तब भी किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ था।
बता दें कि बीते साल सुलावेसी द्वीप के पालू में 7.5 तीव्रता के भूकंप के बाद आई सूनामी में 22,00 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और हजारों लोगों को लापता हो गए थे। इंडोनेशिया में अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.