
बीजिंग। कोरोना के कहर के बीच चीन से एक बड़ी खबर सामने आई है। चीन के दक्षिण पश्चिम प्रांत सिचुआन के जंगलों में भीषण आग लग गई है। इस अग्निकांड में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, इसमें 18 फायरफायटर शामिल हैं।
चीन की सरकारी मीडिया के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को स्थानीय समयानुसार 3 बजकर 51 मिनट पर आग लगी है। देखते ही देखते यह आग पूरे पहाड़ और जंगल में फैल गई। बता दें कि चूंकि इस वक्त चीन में मौसम गर्म है और हवाएं तेज चल रही है, इसलिए आग की लपटें तेजी के साथ फैलते हुए पूरे जंगल में फैलती चली गई।
18 दमकलकर्मी की मौत
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि जब आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली तो मौके पर भारी संख्या में दमकलकर्मी पहुंचे और आग बुझाने के काम में जुट गए। इस बीच आग की लपटें इतनी तेज थी कि इससे झुलसने से 18 दमकलकर्मियों की मौत हो गई।
शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, जब ये लोग आग बुझा रहे थे, उस दौरान अचानक हवा का रुख बदल गया और ये सभी पहाड़ों के बीच फंस गए और जलकर मर गए।
1000 से अधिक लोग आग बुझाने में जुटे
आग ने इतना विकराल रूप ले लिया है कि अब इसपर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में चीनी सरकार ने 300 प्रोफेशनल फायरफाइटर्स और 700 सैन्यकर्मियों को भेजा है। फिलहाल आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल सका है।
आपको बता दें कि इससे एक साल पहले इन्हीं जंगलों में भीषण आग लगी थी। उस दौरान आग पर काबू पाने के दौरान 27 दमकलकर्मी समेत 30 लोगों की मौत हो गई थी। चीन के सिचुआन प्रांत में अक्सर इस तरह से आग लगते रहती है।
मालूम हो कि चीन में कोरोना की वजह से अब तक 3305 लोगों की मौत हो गई है, जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 81518 पहुंच गई है।