एशिया

इजराइल ने फिर किया हमास के सैन्य ठिकानों पर हमला, चार लोग घायल

इजराइल और हमास के बीच फिर से संघर्ष विराम की खबरें हैं। देर रात इजराइली सैन्य बलों के हमले में चार लोग घायल हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Apr 2018, 12:17 PM IST
Attack

जेरूसलमः इजराइली सैन्य लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा पट्टी में हमास के छह सैन्य ठिकानों पर हमले किए। इस हमले में चार लोगों की घायल होने की सूचना है। इजराइली रक्षाबल (आईडीएफ) के मुताबिक, ये हमले शुक्रवार रात को किए गए। इजराइली क्षेत्र में आतंकवादी गतिवधियों और घुसपैठ की कोशिशों के जवाब में हमले करने की बात कही जा रही है। इजराइली सेना ने की तरफ जारी बयान में कहा कि हमास के नेतृत्व में हजारों की संख्या में हिंसक भीड़ ने इजराइली सीमा में घुसने का प्रयास किया। इस दौरान वे हैंडग्रेनेड और फायरबम आईडीएफ जवानों पर फेंक रहे थे और सुरक्षा बेड़ को जलाने की कोशिश कर रहे थे।

हमास से जगजाहिर है दुश्मनी
इससे पहले इसी साल फरवरी महीने में इजराइली वायुसेना ने हमास के सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। इस हमले में उस समय हमास को काफी नुकसान हुआ था। इजराइल पूर्व में हमास के ठिकानों के खिलाफ टैंक और हवाई हमले का इस्तेमाल करता रहा है। इजराइल और फिलस्तीन के बीच दुश्मनी जगजाहिर है।इजराइल और हमास के बीच 2008 से अब तक तीन बार युद्ध हो चुका है। दोनों के बीच पिछला युद्ध 2014 में हुआ था, तब से इस इलाके में संघर्ष विराम लागू है। लेकिन दोनों तरफ से अक्सर गोलीबारी की खबरें आती रही हैं।

मई में इजराइल जा सकते हैं ट्रंप
उधर, फिलिस्तीन और इजराइल में जारी तनाव के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मई महीने में जेरूसलम जा सकते है। ट्रंप का कहना है कि वह अगले महीने जेरूसलम में अमेरीकी दूतावास के उद्घाटन समारोह में शिरकत करने पर विचार कर रहे हैं। बता दें कि इजरायल में अमरीकी दूतावास तेल अवीव से जेरूसलम स्थानांतरित कर दिया गया है। ट्रंप ने पिछले महीने विदेश विभाग को अमरीकी दूतावास तेल अवीव से हटाकर जेरूसलम ले जाने के निर्देश दिए थे। ट्रंप पहले ही जेरूसलम को इजराइल की राजधानी के तौर पर मान्यता दे चुके थे। हालांकि, ट्रंप के इस कदम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासी आलोचना हुई थी।

Published on: