
कराची। कहते हैं न जाके राखो साइयां मार सके न कोई.. यह वाक्य पाकिस्तान में शुक्रवार को हुए भीषण विमान हादसे ( Pakistan Plane Crash ) में बचे दो यात्रियों पर सटीक बैठता है। जहां एक और इस भीषण विमान दुर्घटना में अभी तक 90 लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है और राहत बचाव कार्य अभी भी जारी है, वहीं इनमें से दो यात्री जिंदा बच गए।
इस विमान हादसे में बैंक ऑफ पंजाब के सीईओ जफर मसूद ( Bank of Punjab top executive Zafar Masud ) और पाकिस्तान के न्यूज चैनल '24 न्यूज' के डायरेक्टर प्रोग्रामिंग अंसार नकवी ने मौत को मात दे दी। बता दें कि इस विमान में 90 यात्री और चालक दल के 8 सदस्य सवार थे।
इस भीषण विमान दुर्घटना में मौत को मात दे चुके जफर मसूद को लेकर एक रोचक जानकारी सामने आई है। जफर मसूद का भारत से गहरा कनेक्शन है। मसूद का संबंध भारत के उत्तर प्रदेश से है। इस हादसे में मसूद को काफी गंभीर चोटें आई है। उनके कूल्हे और कॉलर की हड्डी पर चोट लगी है। फिलहाल इलाज के लिए मसूद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा से है मसूद का नाता
बैंक ऑफ पंजाब के सीईओ जफर मसूद का संबंध भारत के उत्तर प्रदेश से है। उनके परिवार की जड़ें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा से जुड़ी हुई हैं। वे सुपरहिट फिल्म 'पाकीजा' के डायरेक्टर कमाल अमरोही के परिवार से संबंध रखते हैं।
मसूद का परिवार देस के विभाजन के बाद 1952 में पाकिस्तान चला गया था। मसूद मुंबई में डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म बनाने वाले आदिल ज़फ़र की मां के पहले चचेरे भाई हैं। जफर ने बताया कि वह 2015 में कराची में मसूद से मिला था और मसूद भारत का बहुत शौकीन है और अपने पैतृक घर को देखने के लिए अमरोहा आना चाहता था।
ज़फ़र मसूद की मां का संबंध कमाल अमरोही से सीधे तौर पर जुड़ा है, क्योंकि उनके नाना तकी अमरोही ( Taqi Amrohi ) 'पाकीज़ा' फिल्म निर्माता के चचेरे भाई थे। तकी अमरोही पाकिस्तान में एक प्रसिद्ध पत्रकार थे। मसूद का परिवार अमरोहा के सद्दो मोहल्ले का है। जफर ने यह भी बताया कि उनके दादा मसूद हसन एक बड़े वकील थे और उनके पिता मुन्नवर सईद पाकिस्तान में टीवी कलाकार थे।
हादसे में 90 की मौत
आपको बता दें कि शुक्रवार को पाकिस्तान के कराची के जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर PIA का विमान लैंड करने से ठीक पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। PIA A320 यात्री विमान उड़ान पीके 8303 में कम से कम 90 यात्रियों और चालक दल के आठ सदस्यों को ले जा रहा था। लेकिन कुछ तकनीकी खराबी आ जाने के बाद यह विमान लैंड करने से पहले ही रनवे के बगल में स्थित मॉडल कॉलोनी में जिन्ना गार्डन की घनी आबादी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।