एशिया

अफगानिस्तान में आत्मघाती हमला, 10 लोगों की मौत, चार घायल

अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में एक सुरक्षा जांच चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई तो वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए।
2 min read
• •
Updated: 10 Jul 2018, 6:34 PM IST
अफगानिस्तान में आत्मघाती हमला
अफगानिस्तान में आत्मघाती हमला, 10 लोगों की मौत, चार घायल

काबुल। अफगानिस्तान में मंगलवार को एक आत्मघाती हमले में करीब 10 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत में एक सुरक्षा जांच चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई तो वहीं चार अन्य लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि मारे गए लोगों में अधिकतर आम नागरिक हैं। क्षेत्रीय गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्ला कोगयानई ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि आत्मघाती हमलावर ने नांगरहार की राजधानी जलालाबाद में मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे खुद को उडा़ लिया। इस हमले में एक सुरक्षा जांच चौकी को निशाना बनाया गया। इस हमले में आसपास की दुकानों व नागरिकों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है जिम्मेदारी

आपको बता दें कि नांगरहार सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशालय के प्रवक्ता इनामुल्ला मयाखिल ने कहा है कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें अफगानिस्तान की मुख्य खुफिया एजेंसी राष्ट्रीय सुरक्षा निदेशालय के दो सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता हजरत हुसैन मशरिकिवाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक आत्मघाती हमला था। उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।

एक जुलाई को हुए हमले में 19 लोगों की हुई थी मौत

गौरतलब है कि नांगरहार में कई आतंकी समूह अपना डेरा डाले हुए हैं जिससे कि यह जगह विद्रोह का केंद्र बना हुआ है। अफगानिस्तान के नांगरहार में बसे आतंकी समूहों में तालिबान और इस्लामिक स्टेट भी शामिल हैं। बता दें कि जलालाबाद में बीते एक जुलाई को हुए एक आतंकी हमले में 19 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें से अधिकांश लोग हिन्दू और सिख थे। आतंकियों के द्वारा यह हमला राष्ट्रपति अशरफ गनी के दौरे के समय किया था।

Published on: