HIGHLIGHTS ताइवान के राष्ट्रीय दिवस ( Taiwan National Day ) के मौके पर भारतीयों ने ताइवान को बधाई दी थी, जिसपर राष्ट्रपति त्साई इंग वेन ( Tsai Ing Wen ) ने खुशी जाहिर करते हुए भारतीयों को धन्यवाद कहा है। ताइवान के राष्ट्रीय दिवस पर भारतीयों ने नई दिल्ली में पोस्टर लगाते हुए ताइपे को बधाई दी थी।
ताइपे। पूर्वी लद्दाख सीमा पर चीन से जारी तनाव के बीच ताइवान ने भारत को धन्यवाद कहा है। ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इन वेंग ( Tsai Ing-wen ) ने ट्वीट करते हुए भारतीयों का आभार व्यक्त किया और अपनी भारत यात्रा से जुड़ी कुछ तस्वीरों को साझा किया है।
दरअसल, ताइवान के राष्ट्रीय दिवस ( Taiwan National Day ) के मौके पर भारतीयों ने ताइवान को बधाई दी थी। नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास के बाहर ताइवान राष्ट्रीय दिवस को लेकर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए थे। इसपर चीन ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। भारतीयों की तरफ से इसतरह से दिए गए बधाई संदेश को लेकर ताइवान ने खुशी जाहिर की।
अब राष्ट्रपति त्साई इन वेंग ने ट्वीट करते हुए सभी भारतीयों को बधाई देते हुए धन्यवाद कहा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए अपने भारत यात्रा से जुड़ी कुछ तस्वीरों को भी साझा किया है। उन्होंने भारतीय संस्कृति और भारतीय विरासत की जमकर तारीफ भी की है।
राष्ट्रपति त्साई भारत यात्रा के दौरान ताजमहल देखने गई थीं। उन्होंने वहां की तस्वीरें ट्वीट करते हुए लिखा ‘भारत के हमारे मित्रों को नमस्कार, मुझे फॉलो करने के लिए धन्यवाद। आपके शुभकामना संदेश मुझे आपके अविश्वसनीय देश में बिताए गए यादगार पलों की याद दिलाते हैं। आपके वास्तु चमत्कार, जीवंत संस्कृति और दयालु लोग वास्तव में अविस्मरणीय हैं। मुझे अपना वह समय बहुत याद आता है’।
ताइवान ने चीन को दिया करारा जवाब
ताइवान के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर नई दिल्ली में पोस्टर लगाए गए थे। इतना ही नहीं इससे पहले ताइवान ने दो राष्ट्रीय अखबारों में फुल पेज का विज्ञापन भी दिया था। इसपर चीन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि भारत इस मामले से दूर रहे। ताइवान का समर्थन कर भारत चीन के साथ तनाव बढ़ाने का काम कर रहा है।
ताइवान विदेश मंत्रालय ने इससे पहले भारत के समर्थन को लेकर धन्यवाद कहा था। मंत्रालय ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि भारतीयों के बधाई संदेशों के लिए शुक्रिया। हम इस समर्थन से खुश हैं और जब हम कहते हैं कि भारत हमें पसंद है तो हम उसे मानते भी हैं। चीन के विरोध जताने पर ताइवान सीधे-सीधे चुनौती देते हुए कहा था 'भाड़ में जाओ'।