
China Furious After Taiwan National Day Poster Posted Outside Chinese Embassy, Says- BJP Playing With Fire
बीजिंग। वास्तविक नियंत्रण रेखा ( LAC ) पर भारत-चीन के बीच बीते कई महीनों से तनाव चल रहा है। वहीं दूसरी और ताइवान को लेकर भी चीन का रूख आक्रामक होता रहा है। इस बीच नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास ( New Delhi Chinese Embassy ) के बाहर कुछ ऐसा हुआ, जिससे चीन आगबूबला हो गया।
दरअसल, शनिवार को नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास के बाहर ताइवान के राष्ट्रीय दिवस का पोस्टर ( Taiwan National Day Poster ) लगाए जाने पर चीन भड़क गया। चीन सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने पोस्टर लगाए जाने पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह काम आग से खेलने जैसा है। इस तरह के व्यवहार से भारत-चीन संबंध और भी अधिक खराब हो सकते हैं।
स्थानीय मीडिया के हवाले से ग्लोबल टाइम्स ने कहा कि नई दिल्ली में चीनी दूतावास के बाहर ताइवान के राष्ट्रीय दिवस को लेकर सैंकड़ों पोस्टर लगाए गए।
आग से खेल रही है भाजपा: चीन
ग्लोबल टाइम्स ने कहा कि यह सभी पोस्टर दिल्ली के भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा द्वारा लगाए गए थे। इस तरह की हरकत कर भाजपा आग से खेलने का काम कर रही है।
ग्लोबल टाइम्स ने शंघाई एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज ( Shanghai Academy of Social Sciences ) के अंतर्राष्ट्रीय संबंध संस्थान के हवाले से कहा है कि राष्ट्रवादी भाजपा ने ताइवान को उकसाने का काम किया है। चीनी विशेषज्ञ लियू काइयू के हवाले से ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि भाजपा ने यह कदम ऐसे वक्त में उठाया है, जब भारतीय मीडिया ने ताइवान नेशनल डे का समर्थन किया है।
ताइवान ने भारतीय मीडिया में दिया था विज्ञापन
आपको बता दें कि अभी हाल ही में ताइवान ने राष्ट्रीय दिवस को लेकर भारत के दो बड़े अखबारों में विज्ञापन दिया था। इसपर चीन ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि भारत को वन चाइना पॉलिसी की नीति को ध्यान में रखना चाहिए। बता दें चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि भारत समेत कई देश ताइवान को एक स्वतंत्र राष्ट्र मानते हैं।
मालूम हो कि राजधानी दिल्ली के दो बड़े अखबारों में ताइवान ने राष्ट्रीय दिवस से पहले फुल पेज का विज्ञापन दिया था। इस विज्ञापन में ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन की एक बड़ी छवि दिखाई गई थी और उसमें एक नारा 'ताइवान और भारत प्राकृतिक साझेदार हैं' लिखा था। इस विज्ञापन को देख चीन तिलमिला उठा था।
Updated on:
10 Oct 2020, 9:59 PM IST
Published on:
10 Oct 2020, 9:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.