थाईलैंड में शुरू हुआ नए राजा का राज्याभिषेक समारोह रॉयल पैलेस में तीन दिन चलेगा समारोह लक-दक सोने के आभूषणों में नजर आए नए सम्राट
बैंकाक। थाईलैंड के नए सम्राट ने देश की राजगद्दी संभाल ली है। तीन दिवसीय राज्याभिषेक समारोह में पहला दिन कई अनुष्ठानों, प्राचीन परम्पराओं और शानदार नजारों से भरा हुआ था। थाईलैंड के नए राजा महा वजीरालोंगकोर्न का देश के 10 वें राजा के रूप में पद पर आसीन होने की प्रक्रिया बेहद दिलचस्प रही। देश भर से इकठ्ठा किये गए जल के साथ शाही शुद्धिकरण समारोह का आयोजन किया गया। उन्हें प्रतीकात्मक रूप से नौरत्न जड़ित छतरी प्रदान की गई। इसके बाद राजा एक सुनहरी पालकी पर सवार हुए।
नए राजा ने संभाली गद्दी
4 मई, 2019 को थाईलैंड के बैंकाक के ग्रैंड पैलेस में राज्याभिषेक समारोह आयोजित किया गया। राजा दिन के अपने अंतिम कार्यक्रम में एक शाही पालकी पर सवार हुए। राजा महा वजिरालोंगकोर्न ने बैंकाक में एमराल्ड बुद्धा के मंदिर की ओर नारंगी रंग के कपडे और सोने का मुकुट पहनकर प्रवेश किया। पूरे उनके साथ सफेद और लाल वर्दी में सैनिक जुलूस के साथ मार्च करते रहे। एमराल्ड बुद्ध मंदिर में राजा वाजिरालोंगकोर्न ने खुद को बौद्ध धर्म का शाही संरक्षक घोषित किया। यह शनिवार को राज्याभिषेक समारोह का आखिरी कार्यक्रम था। 66 वर्षीय राजा वाजिरालोंगकोर्न अपने दिवंगत पिता राजा भूमिबोल का स्थान ले रहे हैं, जिनकी मृत्यु सिंहासन पर बैठने के 70 साल बाद 2016 में हुई थी। उनकी मृत्यु के समय वह दुनिया के सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले सम्राट थे। राजा भूमिबोल को व्यापक रूप से थाईलैंड में बहुत प्यार और सम्मान मिला था।
7 किलो मुकुट पहन जनता के बीच गए राजा
सोने के कपड़े पहने हुए और अपने सिर पर सोने का मुकुट धारण किए हुए राजा विशाल सोने के सिंहासन पर दर्शकों के समाने प्रकट हुए। उनके दिव्य रूप से अभिभूत होकर लोगों ने खूब तालियां बजाईं। सोने की कढ़ाई में वाली कमीज, सोने की कढ़ाई वाली पैंट और सोने के 7 किलोग्राम मुकुट के साथ राजा महा वजिरालॉन्गकोर्न प्रमुख थाई नेताओं के साथ नजर आए। तस्वीरों में देखा गया कि अधिकारी गण उन्हें अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस मौके पर रॉयल परिवार के सदस्य, प्रिवी काउंसिल और मंत्रिमंडल के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी बैंकॉक के ग्रांड पैलेस में अमरिंद्र विंचीया सिंहासन हॉल में इकट्ठा हुए।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..