
औरैया. अवैध कब्जेदारों के खिलाफ जनपद में अभियान शुरू हो गया है। प्रदेश सरकार ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए अवैध कब्जे से सामान हटाने के निर्देश दिए थे। इस पर कार्यवाही करते हुए सपा के पूर्व विधायक मदन गौतम द्वारा हाईवे पर अतिक्रमण कर एक होटल का निर्माण कराया गया था, जिसको एन्टी भूमाफिया अभियान के अंतर्गत गिरा दिया गया था। बाद में समय से मलवा हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन मलवा अभी तक नहीं हटाया गया। इसी के अंतर्गत शासन के निर्देशों के अनुसार सरकारी भूमि पर कब्जा करने तथा कब्जा हटाने के बाद मलवा न हटाने पर तीन अलग-अलग जगहों पर आरोपियों के खिलाफ एण्टी भूमाफिया ने कार्यवाही की है।
पहली कार्यवाही में जगन्नाथपुर गांव में आरोपी छोटेलाल पुत्र भवानीप्रसाद व राजवीर सिंह पुत्र छोटेलाल द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। जिसे प्रशासन ने गत 15 नवम्बर 2017 को कब्जा मुक्त कराया था। इसके बाद उक्त कब्जेदारों ने फिर से उस जमीन पर कब्जा कर लिया है, जिसके चलते सम्बन्धित गांव के लेखपाल अचिन्त कुमार मिश्रा ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली अजीतमल में मुकदमा पंजीकृत कराया है।
अजीतमल कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर में नगर पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाये गये नूतन गेस्ट हाउस को उपजिलाधिकारी अमित राठौर की मौजूदगी में सरकारी भूमि से गत 19 जुलाई 2017 को कब्जा मुक्त कराया गया था। लेकिन कई बार नोटिसों के बाबजूद भी गेस्ट हाउस के मालिक द्वारा मलवा नहीं हटाया गया था। इसके चलते नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने एण्टी भूमाफिया के तहत बृजेश कुमार पुत्र शिवशंकर निवासी गांधी नगर के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है।
अजीतमल तहसील के ग्राम विलावा मौजा की हाइवे स्थित सरकारी भूमि के गाटा संख्या 1505/1 पर रकवा 1 दशमलव 590 के आंशिक भाग पर एक होटल का निर्माण किया गया था। इसे प्रशासन ने पुलिस बल की सहायता से 19 जुलाई 2017 को जमींदोज कर दिया था और होटल मालिक को मलवा हटाने के लिये आदेशित किया गया था। लेकिन अभी तक मलवा न हटने के कारण प्रशासन ने निगाहें टेढ़ी कीं, जिसके चलते पीडब्ल्यूडी के अभियंता अजीम खां ने एक्सईएन सुनीलकान्त के आदेश पर कोतवाली में होटल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ज्ञात हो कि उक्त होटल सागर रेस्टोरेंट के नाम से संचालित किया जाता था। जिसे पूर्व सपा विधायक मदनगौतम का संरक्षण प्राप्त था।