
Encounter Case Of Criminal in Auraiya:उत्तर प्रदेशके औरैया जिले में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हत्या के एक मामले में वांछित चल रहा था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिसके अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 18 जनवरी 2026 को अनुज उर्फ छोटू की हत्या के मामले में वांछित अपराधी बाइक से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहन चालकों की जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। जब पुलिस टीम ने उसका पीछा कर घेराबंदी की तो उसने खुद को घिरता देख पुलिसकर्मियों पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शातिर अपराधी के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह विभिन्न मामलों में वांछित चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस उसकी निगरानी में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
औरैया क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कुछ समय पहले उसने अनुज नामक युवक की हत्या की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया गया है और उसका इलाज कराया जा रहा है।