
Auraiya News: औरैया में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में बाइक सवार हेड कांस्टेबल समेत दो होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अछल्दा थाना पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश कर रही है।
उत्तर प्रदेश के अछल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर PRV को एक शिकायत मिली थी। सूचना के निस्तारण के लिए हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, होमगार्ड शीलू कुमार और होमगार्ड रामकिशोर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बाइक होमगार्ड शीलू कुमार चला रहा था। वे अभी विवाद स्थल तक पहुंच भी नहीं पाए थे कि रास्ते में ही यह हादसा हो गया, जिसमें तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर का चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और उसने पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल घायलों को अछल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है। अछल्दा थाना पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीम फरार ट्रैक्टर और चालक की तलाश में जुटी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को असैनी स्थित रेलवे पावर हाउस के पास रफ्तार बेकाबू कार ने स्कूटी सवार पूर्व सैनिक को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में सुल्तान सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार तीन युवक वाहन छोड़ कर भाग गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।