औरैया

शादी के 75 दिन बाद नवविवाहिता की मौत: औरैया में फंदे से लटका मिला शव, पिता बोले- दहेज के लिए मार डाला

Auraiya Police: औरैया में महिला का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय महिला घर में अकेले थी। मृतका का देवर खेत में काम करने के लिए गया था। मृत्तका के पिता ने ससुराली जनों पर गंभीर आरोप लगाया है।
2 min read
Jul 21, 2026
महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, फोटो सोर्स- पत्रिका
महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, फोटो सोर्स- पत्रिका

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया में शादी के 75 दिनों के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुराल जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के समय मृतका घर में अकेले थी। देवर सुबह के समय खेत में काम करने के लिए गया था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद देवर से पूछताछ की। पिता ने तहरीर में हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घर के अन्य सदस्यों के आने का इंतजार कर रही है। मामला ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र का है।‌

घर में अकेली थी महिला

औरैया के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला वैश्य गांव में साव्या (20) पुत्री गिरीश चंद्र का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के समय साव्या घर में अकेले थी। देवर शिवम खेत में काम करने के लिए गया था, जिसने फोन पर साव्या से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं उठा। जब वह घर पहुंचा तो खिड़की से देखा कि साव्या का शव फांसी के फंदे से लटका है।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे

शिवम ने घटना की जानकारी गांव वालों की दी। गांव वालों की मदद से घर का दरवाजा तोड़कर अंदर गया। तब तक साव्या की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी शिवम ने घर वालों को दी जो सभी दूसरे राज्य में नौकरी करने के लिए गए हैं। साव्या का पति सुरजीत जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि जेठ राहुल अपने परिवार के साथ पानीपत में रहकर नौकरी करता है। साव्या की सास 2 दिन पहले अपनी बेटी के यहां गई थी जबकि ससुर की मौत हो चुकी है।

5 मई को हुई थी शादी

मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला श्याम निवासी गिरीश चंद्र ने बताया कि उनकी पुत्री साव्या की शादी 5 मई, 2026 को सुरजीत शाक्य के साथ हुई थी। शादी के बाद से उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग होती थी। घर वाले ने बेटी को मार कर फांसी के फंदे पर लटका दिया। थाने में तहरीर देखकर उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर नायाब तहसीलदार राकेश गौतम, थाना प्रभारी गंगा दास गौतम अपनी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने देवर शुभम सहित घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत की। थाना प्रभारी में बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के अन्य सदस्य का इंतजार है, जिनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
21 Jul 2026 06:32 pm
Published on:
21 Jul 2026 06:32 pm