मारुति सुजुकी ने बताया कि तीसरी तिमाही के दौरान उत्पादन इलेक्ट्रॉनिक घटकों की वैश्विक कमी के कारण बाधित था, जिसके कारण करीब 90,000 इकाइयों का उत्पादन नहीं किया जा सका।
Maruti Suzuki Profit Declined: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने दिसंबर 2021 को समाप्त तीसरी तिमाही में अपने कुल लाभ में 1,041.8 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की है, जो 47.82 प्रतिशत कम रही। वैश्विक सेमीकंडक्टर की कमी और कमोडिटी की कीमतों में वृद्धि का असर ब्रिकी पर देखने को मिला है, और गिरावट का प्रमुख कारण यही बताया जा रहा है।
मारुति सुजुकी इंडिया ने एक नियामक फाइलिंग में कहा कि पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर अवधि में 1,996.7 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। वहीं अब लाभ में गिरावट बिक्री की मात्रा कम होने, कमोडिटी की ऊंची कीमतों और मार्क-टू-मार्केट प्रभाव के कारण हुई है। फाइलिंग में कहा गया कि राजस्व तीसरी तिमाही में मामूली गिरावट के साथ 23,253.3 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि में 23,471.3 करोड़ रुपये था।
लंबित रहे हजारों आर्डर
इतना ही नहीं तीसरी तिमाही में कुल वाहनों की बिक्री 13.1 प्रतिशत घटकर 4,30,668 इकाई रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 4,95,897 इकाई थी। मारुति सुजुकी ने इस विषय पर बताया कि तीसरी तिमाही के दौरान इसका उत्पादन इलेक्ट्रॉनिक घटकों की आपूर्ति में वैश्विक कमी के कारण बाधित था, जिसके कारण 90,000 इकाइयों का उत्पादन नहीं किया जा सका।
वहीं मांग में कोई कमी नहीं थी क्योंकि तिमाही के अंत में कंपनी के पास 2,40,000 से अधिक ग्राहक ऑर्डर लंबित थे। हालांकि अभी भी इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। कंपनी को चौथी तिमाही में उत्पादन बढ़ाने की उम्मीद है, हालांकि यह पूरी क्षमता तक अभी भी नहीं पहुंच पाएगी।"