Toyota Hilux Pick-up Truck: टोयोटा के नए और भारत के लिए पहले पिक-अप ट्रक हिलक्स की लॉन्चिंग इसी महीने होने की संभावना है। अब हाल ही में कंपनी ने इस पिक-अप ट्रक की भारत में बुकिंग भी शुरू कर दी है।
जापान की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनियों में से एक टोयोटा (Toyota) ने दिसंबर 2021 में भारत में अपना पहला पिक-अप ट्रक हिलक्स (Hilux) लॉन्च करने की घोषणा की थी। टोयोटा की इस घोषणा से लोगों में भी ज़बरदस्त उत्साह बना हुआ है। कुछ हफ्ते पहले ही एक एड-शूट के दौरान टोयोटा के इस शानदार पिक-अप ट्रक को गुरुग्राम (गुड़गांव) के साइबर सिटी (Cyber City) में पहली बार देखा गया था, जो देश में हिलक्स की पहली ऑफिशियल झलक थी। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार इस पिक-अप ट्रक की देश में संभावित लॉन्चिंग 23 जनवरी यानि की इसी महीने हो सकती है। हालांकि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण हिलक्स की लॉन्च डेट को आगे भी बढ़ाए जाने की संभावना है। अब कंपनी ने हिलक्स के लॉन्च से पहले इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है।
कितनी कीमत होगी चुकानी इस पिक-अप ट्रक को बुक करने के लिए?
टोयोटा के भारत में पेश किए जा रहे हिलक्स पिक-अप ट्रक को अगर आप बुक करना चाहते है, तो इसके लिए आपको 50 हज़ार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ सकते है। बुकिंग की कीमत अलग-अलग डीलरशिप और शहर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।
कितनी हो सकती है टोयोटा हिलक्स की शुरुआती कीमत?
टोयोटा ने अब तक भारत में हिलक्स की ऑफिशियल कीमत के बारे में किसी तरह की जानकारी नहीं दी दी है। हालांकि हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार इस पिक-अप की शुरुआती कीमत करीब 28-30 लाख रुपये हो सकती है।
यह भी पढ़ें - Skoda की भारत के लिए योजना, देश में पेश करेगी नई इलेक्ट्रिक कार, देगी 510km की शानदार ड्राइविंग रेंज
IMV प्लेटफॉर्म का होगा इस्तेमाल
हिलक्स पिक-अप टोयोटा के IMV प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। इसी प्लेटफॉर्म पर टोयोटा की भारत में 2 मशहूर और लोकप्रिय गाड़ियां फॉर्च्यूनर (Fortuner) और इनोवा (Innova) भी आधारित हैं। ऐसे में लोगों को टोयोटा के इस नए पिक-अप ट्रक के शानदार प्रदर्शन करने की उम्मीद है।
डिज़ाइन और फीचर्स
टोयोटा के इस पिक-अप को स्पोर्टी लुक के साथ दमदार डिज़ाइन दी गई है। कंपनी ने हिलक्स में बड़े और चमकदार हेक्सागोनल फ्रंट ग्रिल, जिस पर टोयोटा का लोगो भी लगा हुआ है, के साथ 18 इंच के बड़े अलॉय स्पोक टायर्स और LED हेडलैम्प्स और टेललैम्प्स का भी इस्तेमाल किया है। फीचर्स की बात करें, तो हिलक्स में क्रूज़ कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, 8 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, Android Auto और Apple CarPlay, 7 एयरबैग्स, ऑटो-लॉकिंग लिमिटेड-स्लिप डिफरेंशियल, कीलैस एंट्री, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, एंटी-थेफ्ट अलार्म, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट, व्हिपलैश प्रोटेक्शन फ्रंट सीट्स, ABS, लो-रेंज ट्रांसफर केस, हिल-डिसेंट कंट्रोल, लॉकिंग रियर डिफरेंशियल, , हिल-स्टार्ट असिस्ट और दूसरे कई बेहतरीन फीचर्स मिलेंगे।
यह भी पढ़ें - Amazon और Stellantis ने मिलाया हाथ, डेवलप करेंगे लेटेस्ट कार डैशबोर्ड्स
इंजन और गियरबॉक्स
टोयोटा हिलक्स पिक-अप ट्रक को भारत में 2.4 लीटर डीज़ल इंजन (148bhp पावर और 400Nm टॉर्क) और 2.8 लीटर टर्बो-डीज़ल इंजन (201bhp पावर और 500Nm टॉर्क) के दो ऑप्शंस में पेश किया जा सकता है। हिलक्स के इन दोनों ही वैरिएंट्स में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलेगा।