अयोध्या

पति को हथौड़े से पीट-पीटकर मार डाला, खुद ट्रैक पर कटकर दी जान, 22 दिन के नवजात की भी हो गई मौत

Ayodhya Crime News : पत्नी ने हथौड़े से पति की हत्या कर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी। भूख-प्यास से तड़पकर 22 दिन के नवजात मासूम की भी मौत।
2 min read
Feature image
पहले पति की हथौड़े से कूचकर की हत्या, PC- X

अयोध्या : धर्मनगरी अयोध्या के रौनाही क्षेत्र में एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी है जिसने रूह कंपा दी है। मात्र एक साल पहले शुरू हुआ वैवाहिक जीवन इतनी कड़वाहट के साथ खत्म होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, पत्नी ने पति को मौत के घाट उतारने के बाद खुदकुशी कर ली।

मामला गुरुवार देर शाम का है। रौनाही क्षेत्र के देवराकोट रेलवे फाटक के पास ग्रामीणों ने एक महिला का क्षत-विक्षत शव देखा। पुलिस ने जब पास ही पड़े टूटे मोबाइल के सिम कार्ड से शिनाख्त की, तो मृतक महिला की पहचान संजू (22) के रूप में हुई।

जब पुलिस संजू की मौत की खबर देने उसके घर पहुंची, तो वहां का मंजर देखकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। घर के अंदर पति शिवानंद (25) का खून से लथपथ शव पड़ा था।

हथौड़े से कूचकर की हत्या, पास ही रो रहा था नवजात

शिवानंद की हत्या सिर पर हथौड़े से वार करके की गई थी। शव के पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा था और वहीं उनका 22 दिन का बेटा भूख-प्यास से बिलख रहा था। पुलिस ने बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सौंपा, लेकिन दुर्भाग्यवश शुक्रवार सुबह उस मासूम ने भी दम तोड़ दिया।

घर पर बरामद हुआ सुसाइड

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। संजू के शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस का मानना है कि विवाद के दौरान संजू ने शिवानंद की हत्या की और फिर ग्लानि या डर के मारे रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जान दे दी।

एक साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, शिवानंद कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूर सप्लाई और शटरिंग का काम करता था। एक साल पहले ही उसकी शादी संजू से हुई थी। अभी 22 दिन पहले ही घर में बच्चे की किलकारी गूंजी थी, लेकिन खुशियों के घर को नज़र लग गई।

शिवानंद की जेठानी किरण ने बताया कि जब वह शाम को घर लौटीं, तब उन्हें गांव के एक व्यक्ति से संजू की मौत की खबर मिली। जब वे घर पहुंचे तो देखा कि पुलिस पहले से मौजूद थी और अंदर शिवानंद का शव पड़ा था।

एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि, 'पति-पत्नी की मौत की सूचना मिली है। प्राथमिक जांच और सुसाइड नोट से स्पष्ट है कि पत्नी ने पति की हत्या के बाद आत्महत्या की। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।'

Updated on:
10 Apr 2026 04:21 pm
Published on:
10 Apr 2026 04:21 pm