
Ayodhya Ram Mandir Case: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में जांच बहुत तेज हो गई है। तीसरे दिन भी एसआईटी (SIT) की टीम जांच करने राम मंदिर पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, SIT के हाथ कुछ ऐसे अहम सुराग लगे हैं जो इस पूरे मामले की परतें खोल सकते हैं। SIT ने मंदिर परिसर का CCTV फुटेज निकाल लिया है और इस पूरे डेटा को करीब दर्जनभर पेनड्राइव में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को SIT की टीम ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के कर्मचारियों से भी पूछताछ की। टीम ने कर्मचारियों से उनके काम करने के तरीके, पैसों की गिनती और चढ़ावे के मैनेजमेंट से जुड़ी हर बारीक जानकारी ली।
इस मामले में मुख्य आरोपी रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। वहीं टिन्नू के घरवालों का कहना है कि उन्हें एक साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। उनके खिलाफ कोई पक्का सबूत नहीं है। परिवार ने कहा कि वे लोग बहुत सामान्य तरीके से रहते हैं और उनके पास कोई बड़ी संपत्ति नहीं है। टिन्नू यादव का घर राम मंदिर से करीब 1 किलोमीटर और राम की पैड़ी से महज 50 मीटर दूरी पर एक छोटी सी गली में है। जैसा दिखाया जा रहा है, हमारे पास वैसी कोई संपत्ति नहीं है। परिवार को भरोसा है कि जांच के बाद सच सामने आ जाएगा।
राम मंदिर में चढ़ावा और दानराशि से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण की जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 19 जून को अयोध्या आगमन की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मदिवस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल होने के साथ रामनगरी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर सकते हैं।