अयोध्या

अब अयोध्या कैंट नाम से जाना जाएगा फैजाबाद कैंट का नाम, गजट पत्र हुआ जारी

Ayodhya Cantt Gazette: उत्तर प्रदेश का फैजाबाद कैंट अब अयोध्या कैंट के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए सरकार की तरफ से मंगलवार को गजट पत्र जारी कर दिया गया है।

2 min read
Oct 19, 2022
now_the_name_of_faizabad_cantt_will_be_known_as_ayodhya_cantt_gazette_letter_released.jpg

Ayodhya Cantt Gazette: उत्तर प्रदेश सरकार में फैजाबाद कैंट इलाके को अब से अयोध्या कैंट (Ayodhya Cantt) के नाम से जाना जाएगा। इस पर मुहर लगाते हुए रक्षा मंत्रालय की ओर से मंगलवार को गजट (Gazette) जारी कर दिया गया है। मंत्रालय की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक, फैजाबाद कैंट का नाम अयोध्या कैंट रखने की प्रक्रिया कुछ दिनों पहले ही शुरू की गई थी। अब सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गजट जारी करते हुए आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। गजट में कहा गया है कि उप्र सरकार ने 23 नवंबर 2018 को एक मंडल और एक जिले का नाम परिवर्तित किया था। जिसके तहत फैजाबाद मंडल का नाम अयोध्या मंडल तो वहीं फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या जिला कर दिया गया। गजट के मुताबिक, फैजाबाद कैंट अयोध्या जिले के अंदर ही आता है, इसलिए फैजाबाद कैंट का नाम बदलकर अयोध्या कैंट किया गया है।

भाजपा सांसद ने दिया था प्रस्ताव

बता दें कि प्रदेश सरकार ने अक्टूबर 2021 में फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट रखने का फैसला लिया था। दरअसल, भाजपा सांसद लल्लू सिंह (BJP MP Lallu Singh) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) को फैजाबाद जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने का प्रस्ताव दिया था। उस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ने आगे बढ़ाया। जिसके बाद सीएम योगी ने उस नाम को बदलकर अयोध्या कैंट लागू करने का काम किया है। वहीं प्रस्ताव में की गई मांग के पूरा होने पर उन्होंने फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया था।

इससे पहले इन स्टेशनों के बदले नाम

गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश की योगी सरकार इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज (Prayagraj) और फैजाबाद का नाम अयोध्या कर चुकी है। वहीं मुलसराय का नाम बदलकर दीन दयाल उपाध्याय नगर किया जा चुका है। इस बीच प्रदेश सरकार ने यूपी के झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के नाम पर रखने की सिफारिश की है। वहीं कुछ दिन पहले ही सीए योगी ने ऐलान किया था कि अब से दिल्ली में यूपी सदन का नाम उत्तर प्रदेश सदन त्रिवेणी जबकि यूपी भवन का नाम उत्तर प्रदेश भवन संगम के नाम से जाना जाएगा।

Published on:
19 Oct 2022 10:48 am