
Ayodhya Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी को लेकर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने बुधवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। एएनआई से बातचीत में डिंपल यादव ने कहा कि लोग अपनी आस्था और श्रद्धा के साथ मंदिर आए और उन्होंने भगवान राम के चरणों में दान और योगदान दिया, लेकिन बीजेपी के लोगों और उनके सहयोगियों ने इस दान को भी हड़प लिया। उन्होंने मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए।
सपा सांसद ने इस मामले में सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में इतनी बड़ी घटना हुई तब मुख्यमंत्री लगातार अयोध्या का दौरा कर रहे थे, ऐसे में यह बताना उन्हीं की जिम्मेदारी है कि आखिर चढ़ावे की इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई।
डिंपल यादव ने भूमि घोटाले से जुड़ी पुरानी एसआईटी जांच का हवाला देते हुए कहा कि दो साल पहले जमीन घोटाले को लेकर भी एसआईटी जांच बिठाई गई थी, लेकिन आज तक उसका कोई नतीजा सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी एसआईटी कमेटियां केवल दिखावे के लिए बनाई जाती हैं, ताकि मुद्दा ठंडा होने तक जनता का ध्यान भटकाया जा सके।
सांसद ने कहा कि विपक्ष में होने के नाते समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी है कि वह देश के सामने असल तथ्य और मौजूदा हालात रखे, और पार्टी संसद में हर अहम मुद्दे को पूरी ताकत से उठाती रहेगी।
इससे पहले बुधवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर राम मंदिर चढ़ावे की कथित हेराफेरी को लेकर प्रदर्शन किया और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। अखिलेश यादव ने कहा, "जो लोग दान-पात्र की रक्षा नहीं कर सके, जो श्रद्धा से चढ़ाए गए चढ़ावे को नहीं बचा सके, उनसे यह उम्मीद कैसे की जाए कि वे पेपर लीक रोकेंगे या परीक्षाएं रद्द होने से बचाएंगे। संदेश साफ है कि जो आस्था से खिलवाड़ करने वाले हैं, वही युवाओं के भविष्य से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। सरकार खुद सबसे बड़ा संकट है।"
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी की जांच के लिए आईजी किरण एस की अध्यक्षता में नई एसआईटी का गठन किया है।