अयोध्या

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बड़ा फैसला! परकोटे के बेसमेंट में बनेगा नया काउंटिंग रूम, श्रद्धालु LIVE देख सकेंगे गिनती

Ram Mandir Counting Room: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है। अब नया काउंटिंग रूम परकोटे के बेसमेंट में बनेगा और श्रद्धालु LED स्क्रीन पर LIVE गिनती देख सकेंगे।
2 min read
Jul 18, 2026
Ram Mandir Donation Counting Ayodhya News Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust
परकोटे के बेसमेंट में बनेगा नया काउंटिंग रूम (photo- akhilbharat)

Ram Mandir Counting Room: राम मंदिर परिसर में हाल ही में चढ़ावे की राशि चोरी होने की घटना के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। ट्रस्ट अब चढ़ावे की गिनती (काउंटिंग) की पूरी प्रक्रिया को पहले से अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मौजूदा गणना कक्ष (काउंटिंग रूम) को यात्री सुविधा केंद्र से हटाकर राम मंदिर के परकोटे (परिक्रमा मार्ग) के बेसमेंट में शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। ट्रस्ट का मानना है कि नए स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत होगी और किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका कम हो जाएगी।

कई स्तर की सुरक्षा जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री

नई व्यवस्था लागू होने के बाद काउंटिंग रूम में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों को कई स्तरों की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। इसके लिए अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल भी लागू किए जाएंगे, ताकि चढ़ावे की गिनती पूरी तरह सुरक्षित माहौल में हो सके।

श्रद्धालु LIVE देख सकेंगे चढ़ावे की गिनती

नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह होगी कि श्रद्धालु अब चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को भी देख सकेंगे। इसके लिए परकोटे में लगी एलईडी स्क्रीन पर काउंटिंग की लाइव फीड दिखाई जाएगी। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि जो श्रद्धालु भगवान श्रीराम के चरणों में दान या चढ़ावा अर्पित करें, वे उसकी गिनती की प्रक्रिया को भी पारदर्शी तरीके से देख सकें। इससे श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत होगा।

जल्द शुरू हो सकता है काउंटिंग रूम का स्थानांतरण

सूत्रों के अनुसार, गणना कक्ष को नए स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। इसके लिए तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम अंतिम चरण में हैं।

संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी की मुलाकात

इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपत राय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी मुलाकात की। बैठक में सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और प्रांत विचारक कौशल किशोर शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में ट्रस्ट के नए स्वरूप, राम मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों और 30 जुलाई को अयोध्या में प्रस्तावित संतों की बैठक को लेकर चर्चा हुई। साथ ही हाल के घटनाक्रम और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

पारदर्शिता और सुरक्षा पर ट्रस्ट का फोकस

राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ट्रस्ट सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों को प्राथमिकता दे रहा है। माना जा रहा है कि नए काउंटिंग रूम और लाइव डिस्प्ले सिस्टम से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि चढ़ावे की गिनती को लेकर श्रद्धालुओं का विश्वास भी और बढ़ेगा।

Updated on:
18 Jul 2026 08:36 am
Published on:
18 Jul 2026 08:36 am