अयोध्या

अयोध्या में पहली बार सात देशों की रामलीलीओं का होगा मंचन, गूंज उठेंगे ‘जय श्रीराम’ के जयकारे

संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपावली से चार दिन पहले से अयोध्या में सात देशों की रामलीला का मंचन शुरू होगा जो दीपावली के दो दिन बाद तक चलेगा। इनमें इण्डोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, थाईलैंड, रूस, अमेरिका और श्रीलंका की रामलीला मण्डलियां शामिल हैं।
2 min read
Sep 15, 2022
ramlila_of_seven_countries_will_be_staged_in_ayodhya_for_the_first_time_in_diwali.jpg

अयोध्या में दीपावली का त्योहार हर बार लोगों के मन में अपनी छाप छोड़ जाता है। इस बार ये उत्सव और भी ज्यादा खास होने वाला है। इस बार दीपोत्सव से चार दिन पहले यहां एक या दो नहीं बल्कि सात देशों की रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा। हालांकि इससे पहले भी दो या तीन देशों की रामलीलाओं का मंचन हो चुका है। लेकिन सात देशों की रामलीलाओं का मंचन अयोध्या में पहली बार देखने को मिलेगा। राज्य के संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपावली से चार दिन पहले से अयोध्या में सात देशों की रामलीला का मंचन शुरू होगा जो दीपावली के दो दिन बाद तक चलेगा। इनमें इण्डोनेशिया, वियतनाम, मलेशिया, थाईलैंड, रूस, अमेरिका और श्रीलंका की रामलीला मण्डलियां शामिल हैं।

फिल्म कलाकारों के अभिनय से सजी रामलीला का मंचन

बता दें कि 26 सितंबर से अयोध्या में फिल्मों और टीवी कलाकारों के अभिनय से सजी रामलीला का मंचन शुरू होने वाला है। इसका शुभारंभ संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह करेंगे। कार्यक्रम के आयोजक बॉबी मलिक ने बताया कि 26 सितंबर से पांच अक्टूबर तक अयोध्या के लक्ष्मण किला मैदान में शाम सात बजे से रात 10 बजे तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसका सजीव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा। इसमें फिल्म और टीवी कलाकारों की रामलीला में फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री माता शबरी का रोल अदा करेंगी। जबकि बिंदू दारा सिंह हनुमान, शाहबाज खान रावण, मनोज तिवारी परशुराम और रवि किशन केवट की भूमिका निभाएंगे।

दीपोत्सव पर 16 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी

वहीं इस बार अयोध्या में दीपोत्सव को भी काफी खास बनाने की तैयारी है। प्रदेश के प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम ने बताया कि दीपोत्सव पर करीब 16 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि उज्जैन में किसी आयोजन में एक ही बार में 11 लाख 32 हजार दीपक प्रज्ज्वलित हुए थे, उसी आयोजन का रिकार्ड इस बार अयोध्या के दीपोत्सव में तोड़ने के लिए 16 लाख दीपक प्रज्ज्वलित करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा रामलीला मैदानों की चहारदीवारी के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। इनमें गोरखपुर, मैनपुरी, लखनऊ, महोबा आदि शामिल हैं।

Published on:
15 Sept 2022 02:34 pm
Also Read
View All