
Accident in Azamgarh: आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गुलवा नहर के समीप एक पिकअप और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। इस हादसे में कार सवार 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पिकअप चालक भी मामूली रूप से जख्मी हुआ है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गलवा गौरी नहर के पास एक वैगनआर कार और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई है। हादसा इतना भयानक था कि कार और पिकअप दोनों पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच लोगों ने बिलरियागंज थाने को भी मामले की जानकारी दे दी। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों से सभी घायलों को अस्पताल में भिजवाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि आजमगढ़ की तरफ से वैगनआर कार आ रही थी, जबकि पिकअप मोहम्मदपुर से आजमगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी बीच दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें करखिया के रहने वाले कार चालक अजीत सिंह, गौरव सिंह, शैलेश सिंह, आर्यन सिंह, गोपाल सिंह और वीरेंद्र सिंह को चोट आई है। बताया जा रहा है कि सभी रौनापार थाना क्षेत्र के करखिया के ही रहने वाले हैं।
वहीं, पिकअप अलाउद्दीन पट्टी के रहने वाले राजू का है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोट आई है। फिलहाल, सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची बिलरियागंज पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा पिकअप और कार के बीच टक्कर होने की जानकारी संबंधित थाने को दी गई थी। मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में घायलों के परिजनों को सूचित करने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।