
Encounter in Azamgarh: आजमगढ़ पुलिस ने सरकारी योजनाओं और आवास दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से गहने और नकदी लूटने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ की यह घटना कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। वहीं, आरोपी के पास से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, लुटे हुए गहने व कैश भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज पुलिस पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों के खिलाफ चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की ठगी और लूट की घटनाओं में शामिल एक आरोपी बाइक से गोपालगंज की तरफ जाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद बाइक पर सवार होकर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया, पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कप्तानगंज पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी को सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशनपुर निवासी साहब राम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी की बहन नीरज उर्फ गुड्डी भी उसके साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देती थी। कभी बाजार में महिलाओं को अपने जाल में फसाया जाता था तो कभी उनके घर जाकर रिश्तेदार होने का दावा कर विश्वास हासिल किया जाता था। इस मामले में गुड्डी पूर्व में गिरफ्तार हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया है कि कप्तानगंज और कौड़िया बाजार में हुई लूट की घटनाओं में कुछ आभूषण उसने एक अज्ञात फेरी वाले को 7 हजार रुपए में बेच दिया था। उसके पास से 1350 रुपए कैश, सोने के कान के टॉप्स, मोती की माला सहित लॉकेट भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी घटना कारित करने के दौरान अपने पास तमंचा भी रखता था और लोगों को धमका कर उनसे लूट किया करता था। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से 9 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।