
अधिकारियों को निर्देशित करते पुलिस कमिश्नर, (Pc-Varanasi Police)
Varanasi News: वाराणसी में आसमान में काल बनकर पतंग उड़ रही है और इसे उड़ाने के लिए इस्तेमाल हो रहा चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। यदि आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 8 साल में 7 साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें साड़ी कारोबारी सुनील गुजराती का नाम भी शामिल है, जिनकी मौत रविवार को हुई। 7 साल की बच्ची कृतिका की मौत तो उसके पिता के सामने ही हुई थी। हालांकि हादसे के बाद पुलिस ने जांच अभियान चलाया था और चीनी मांझे भी बरामद किए गए थे, लेकिन एक बार हालात फिर से वैसे ही हो चुके हैं, जिसका उदाहरण रविवार को हुई घटना है।
आंकड़े के मुताबिक, 29 अगस्त 2020 में नदेसर के घौशाबाद की रहने वाली 7 वर्षीय कृतिका अपने पिता संदीप गुप्ता के साथ स्कूटर पर सवार होकर पांडेपुर फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान उसके गले में चाइनीज मांझा फस गया और उसकी गर्दन कट गई। अस्पताल में ले जाने के दौरान कृतिका की मौत हो गई थी। इस हादसे में उसके पिता की उंगली भी कट गई थी। वहीं, 5 जून 2021 को भदोही के रहने वाले और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव आकाश गुप्ता की चौकाघाट फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे से गर्दन कट गई थी, इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी।
28 दिसंबर 2018 को सिगरा थाना क्षेत्र के रहने वाले मुन्ना विल्सन की चौकाघाट फ्लाईओवर पर चीनी मांझे की चपेट में आने से गर्दन कट गई थी। राजगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। जबकि 31 दिसंबर 2024 को कोनिया निवासी विवेक शर्मा अपनी मां और बहन के साथ नाना की बरसी में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान चौकाघाट फ्लाईओवर पर मांझे की चपेट में आने से उनका गला कट गया। बीएचयू में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी।
वहीं, रविवार को कजाकपुरा फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती की गर्दन कट गई। गर्दन इस कदर कटी थी कि वह मौके पर ही खून से लथपथ हो गए और वहीं पर तड़प तड़प कर उनकी मौत हो गई। वह गोपाल मंदिर में दर्शन करने के बाद बाइक से आशापुर की तरफ जा रहे थे। वहीं, रविवार को ही महमूरगंज फ्लाईओवर पर मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार बाबूलाल यादव के दाहिने हाथ का पंजा कट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। हालांकि, उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
रविवार को हुई दो घटनाओं के बाद वाराणसी पुलिस एक्शन में आ गई। देर शाम पुलिस ने काशी जोन में अभियान चला कर चेकिंग के दौरान 56 किलोग्राम सिंथेटिक नायलॉन मांझा बरामद किया है। इस मामले में विक्रेता वीरेंद्र कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उसका उपयोग कर पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। ऐसे में तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आदेश दिया है कि मांझे को बेचने वाले, खरीदने वाले और उससे पतंग उड़ाने वाले तीनों लोगों की पहचान की जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए।
Updated on:
12 Oct 2026 07:31 am
Published on:
12 Oct 2026 07:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
