मुबारकपुर क्षेत्र के रसूलपुर गांव की घटना
आजमगढ़. प्रेम सम्बन्ध में पिछले कई दिनों से चल रही अनबन से व्यथित प्रेमी युवक ने शनिवार की सुबह घर के सामने से मां के साथ जा रही प्रेमिका को अपने पास बुलाया और उस पर चाकू से प्रहार कर दिया। इसके बाद प्रेमी युवक ने खुद को चाकू मारकर जख्मी कर लिया। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायल युवती की हालत गंभीर बताई गई है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर ग्राम निवासी एक युवती गांव के ही 20 वर्षीय राजनाथ पुत्र भूषण के बीच लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था। इस बात से दोनों के परिवार वाले अंजान थे। धीरे धीरे दोनों के प्रेम संबंध की बात गांव में आम हो गई। युवती के परिजनों ने उस पर पाबंदी लगा दी। लेकिन उनके बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा। इधर कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई।
शनिवार को तड़के करीब पांच बजे युवती अपनी मां के साथ शौच के लिए सिवान की ओर जा रही थी। मां- बेटी दोनों रास्ते में राजनाथ के घर के सामने से गुजर रही थीं। तभी अपने घर के बाहर सोए राजनाथ ने प्रेमिका को आवाज दी। मां के कहने पर किशोरी जैसे ही राजनाथ के पास पहुंची। उसने अपने पास रखे चाकू से युवती पर प्रहार कर दिया।
पेट में घातक जख्म हो जाने से किशोरी की आँत बाहर निकल आई और वह जमीन पर गिर कर तड़पने लगी। यह देख अवाक रही मां ने जब शोर मचाया तो हमलावर प्रेमी राजनाथ ने चाक़ू से खुद को घायल कर लिया। आनन-फानन दोनों को ईलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देख दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
गम्भीर रूप से जख्मी युवती को शहर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकीय सलाह पर घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायल राजनाथ का ईलाज अन्य अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नरेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्रेम संबंध को लेकर चाकूबाजी की घटना प्रकाश में आई है। मामले की छानबीन की जा रही है।
By- रणविजय सिंह