आरोप है कि जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में फर्जी शपथ पत्र लगाकर आरोपी दंपत्ति ने अपने पक्ष में फैसला प्राप्त कर लिया।
आजमगढ़. न्यायालय में विचाराधीन भूमि संबंधी विवाद के मामले में फर्जी शपथ पत्र प्रस्तुत कर अपने पक्ष में फैसला करा लेने दंपत्ति के खिलाफ शहर कोतवाली में सोमवार को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के कौड़िया ग्राम निवासी उदयभान वर्मा पुत्र स्वर्गीय धामू व उसकी पत्नी संजय की देवी के खिलाफ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के धर्मदासपुर ग्राम निवासी प्रेमलाल पुत्र टिल्लू राम ने आरोप लगाया है कि उच्च न्यायालय में अपील दायर होने तथा स्थगन आदेश जारी होने के बाद भी जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे में फर्जी शपथ पत्र लगाकर आरोपी दंपत्ति ने अपने पक्ष में फैसला प्राप्त कर लिया। पीड़ित प्रेमलाल की तहरीर पर शहर कोतवाली में आरोपित किए गए दंपति के खिलाफ सोमवार को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जालसाजी कर करा लिया भूमि का बैनामा, रिपोर्ट दर्ज
आजमगढ़. सरायमीर थाने की पुलिस ने फर्जी तरीके से भूमि का बैनामा करा लेने के मामले में आरोपित किए गए दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सरायमीर थाना क्षेत्र के धंगवल ग्राम निवासी अमित यादव पुत्र स्व. रामवचन यादव का आरोप है कि अहरौला थाना क्षेत्र के भवरूपुर ग्राम निवासी राजेंद्र प्रसाद पुत्र वशिष्ठ नारायण सहित दो लोगों ने बीते 21 मई को फर्जी तरीके से पीड़ित की भूमि का बैनामा करा लिया। इस बाबत पूछताछ करने पर विपक्षियों ने भू-स्वामी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर सरायमीर थाने में आरोपित किए गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
By Ran Vijay Singh