
आजमगढ़. मुंबई एयरपोर्ट पर पिछले दिनों गिरफ्तार आजमगढ़ के छाऊं गांव निवासी अबु जैद के पकड़े जाने के बाद एंटी टेररिस्ट स्क्वाएड को अहम सुराग हाथ लगे हैं। एटीएस लगातार जिले पर नजर बनाये हुए है। इसराक की गिरफ्तारी और एटीएस की मौजूदगी से यह चर्चा है कि अभी कुछ और लोग उठाये जा सकते है। सूत्रों की मानें तो बुधवार की रात भी एटीएस की संजरपुर व आसपास के क्षेत्र में नजर आयी।
बता दें कि एसटीएफ ने गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव निवासी अबु जैद पुत्र अलाउद्दीन को मुंबई एअरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। जैद से पूछताछ के बाद मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने मंगलवार की देर रात निज़ामाबाद थाना क्षेत्र के कुजियारी गांव में छापा मारा। टीम में शामिल लोगों ने गांव के ही इसराक, अबू तल्हा, असरफ, मोहम्मद तारिक को हिरासत में लिया।
टीम उन्हें लेकर गुप्त स्थान पर गई और घंटों की पूछताछ के बाद अबू तल्हा, असरफ, मोहम्मद तारिक को छोड़ दिया। इसराक अब भी उनकी हिरासत में है। सूत्रों की मानें तो अबू तल्हा व मोहम्मद तारिक विदेश रहते हैं और अभी जल्दी ही अपने घर पर आए थे। वहीं असरफ और इसराक घर पर रहते है लेकिन इनकी गतिविधियां संदिग्ध थी। इसीलिए उन्हें पूछताछ के लिए उठाया गया था।
इसराक की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर आतंकी गतिविधियों को लेकर आजमगढ़ चर्चा में है। खासतौर पर संजरपुर और आसपास के क्षेत्र में बुधवार की रात एटीएस की मौजूदगी के बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है अभी कुछ और लोगों को उठाया जा सकता है। कारण कि जिले के कई संदिग्ध अभी फरार हैं। जिसमें बिल्ला १की गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से प्रयास किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो एटीएस के पास उसके संबंध में भी कुछ इनपुट मिले हैं।
by RAN VIJAY SINGH