OM Prakash Rajbhar Big Statement: अपनी ही सरकार के मंत्री के खिलाफ पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा।
OM Prakash Rajbhar Big Statement: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रिया और सियासी बयानबाजी के बीच पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) का बड़ा बयान सामने आया है। शुक्रवार को अतरौलिया निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने साफ कहा कि सरकार चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मंत्री राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जो भी निर्देश देंगे, सरकार उनका पूरी तरह पालन करेगी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग उनके पास होने के कारण उन्हें जमीनी तैयारियों की पूरी जानकारी है और सरकार चुनाव कराने को लेकर गंभीर है।
ओम प्रकाश राजभर ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग और न्यायालय के निर्देशों के बीच पूरा तालमेल है। उन्होंने कहा कि सरकार का रुख पहले से ही साफ रहा है और सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही हैं।
वहीं, अपनी ही सरकार के मंत्री अनिल राजभर (Anil Rajbhar) के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वह राजनीति में अभी नए और अनुभवहीन हैं। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि “हम उनके चच्चा हैं”।
आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में सपा विधायक के गनर द्वारा अवैध असलहा लहराने की घटना पर मंत्री ने सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी है।
राजभर ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ऐसे लोगों को बढ़ावा देते हैं, तो इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने मांग की कि इस मामले में सिर्फ गनर ही नहीं, बल्कि संबंधित विधायक की भूमिका की भी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब भी अपनी पुरानी कार्यशैली से बाहर नहीं निकल पाई है। कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी सोच पर सवाल खड़े होते हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
ओम प्रकाश राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।