आजमगढ़

लुटेरों संग पुलिस की मुठभेड़, आजमगढ़ पुलिस ने 3 बदमाशों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा, 2 के पैर में लगी गोली

Three Criminals Arrested in Encounter in Azamgarh: आजमगढ़ पुलिस ने लूट की घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है..
2 min read
Aug 14, 2026
Azamgarh crime news
Pc-Patrika

Encounter in Azamgarh: आजमगढ़ पुलिस ने लूट की घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से इस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए हैं, जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेकिंग के दौरान रोके जाने पर दोनों आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। आरोपियों के पास से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि घायल हुए दोनों बदमाश गाजीपुर जनपद के रहने वाले हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

आजमगढ़ जनपद के तरवा और मेहनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। तरवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर के पास पुलिस की टीम शुक्रवार की सुबह चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

पुलिस पार्टी पर फायरिंग का आरोप

पुलिस द्वारा रोके जाने के दौरान तीनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। वहीं, पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के रहने वाले मुकेश यादव के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मुकेश को फिलहाल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, उसका साथी कमलेश भी अपने साथी को घायल होता देख सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। वहीं, तीसरा आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं घायल हुए मुकेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, दूसरी तरफ मेहनगर थाना क्षेत्र के कटहन नहर पुलिया के पास भी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। लालगंज के क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पांडे के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि गाजीपुर का रहने वाला विकास यादव अपने साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आजमगढ़ में डेरा डाले हुए है। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान विकास आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, विकास ने पुलिस टीम को लक्ष्य का फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में विकास के पैर में गोली लग गई।

तमंचा व कारतूस बरामद

पुलिस ने बताया है कि घायल विकास को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए तीनों बदमाश लुटेरे हैं और इनके ऊपर जनपद में कई मुकदमे भी दर्ज हैं? पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में पूछताछ के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
14 Aug 2026 10:04 am
Published on:
14 Aug 2026 10:04 am