बागपत

बागपत में पत्नी ने खोला राज, सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाया पति, शादी के 4 महीने बाद ही दे दी जान

Baghpat Suicide Case: यूपी के बागपत में शादी के सिर्फ 4 महीने बाद एक युवक की दर्दनाक मौत। सुहागरात पर पत्नी के खुलासे के बाद शुरू हुआ था विवाद, 2.5 लाख के समझौते के बाद भी नहीं थमा तनाव। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Jun 25, 2026
Uttar Pradesh Suicide Case, Newly Married Man Suicide
सुहागरात पर पत्नी ने खोला वो राज जिसे सह नहीं पाया पति | फोटो सोर्स- patrika.com

UP Marriage Dispute Case: उत्तर प्रदेश के बागपत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के सिर्फ चार महीने बाद ही एक युवक की मौत हो गई। बागपत की आदर्श गली में रहने वाले दीपक नाम के युवक ने अपनी पत्नी की बेवफाई और ससुराल वालों के टॉर्चर से तंग आकर अपनी जान दे दी। दीपक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छाया हुआ है। परिवार ने बहू और उसके मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सुहागरात पर ही टूट गया था दीपक का दिल

दीपक के परिवार ने बताया कि उसकी शादी इसी साल 10 मार्च 2026 को जफराबाद नांगल गांव की रहने वाली गुड्डी नाम की लड़की से हुई थी। दीपक ने शादी को लेकर कई सपने देखे थे, लेकिन शादी की पहली ही रात को उसकी उम्मीदें टूट गई। आरोप है कि गुड्डी ने पहली रात को ही दीपक से कह दिया था कि वह किसी और से प्यार करती है। इसके बाद भी दीपक ने घर बचाने के लिए चुप रहकर रिश्ता निभाने की कोशिश की।

व्हाट्सएप चैट से खुला बेवफाई का राज

सबकुछ ठीक करने की कोशिशों के बीच एक दिन दीपक को अपनी पत्नी का मोबाइल फोन मिल गया। जब उसने पत्नी का व्हाट्सएप चेक किया, तो उसमें गुड्डी और उसके प्रेमी की कुछ आपत्तिजनक चैट्स थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर गुड्डी के घर वालों को बुलाया गया, जिसके बाद वह अपने मायके चली गई और फिर वापस नहीं आई।

ढाई लाख रुपये देने के बाद भी नहीं खत्म हुआ तनाव

मृतक के भाई राहुल कुमार का आरोप है कि मायके जाने के बाद गुड्डी और उसके घरवालों ने दीपक को फंसाने के लिए पुलिस में कई शिकायतें की। आरोप यह भी है कि पुलिस के दबाव में आकर 22 जून 2026 को दोनों पक्षों के बीच ढाई लाख रुपये देकर समझौता कराया गया था। परिवार का कहना है कि मोटी रकम देने के बाद भी दीपक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पत्नी और सास-ससुर समेत 8 लोगों पर केस दर्ज

दीपक के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पत्नी गुड्डी, ससुर सुंदर, और सास मंजू समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।