
बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में उधारी के रुपये मांगने गए एक दूध व्यापारी पर पालतू पिटबुल के हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक जब अपने बकाया 3 लाख रुपये लेने के लिए एक व्यक्ति के घर पहुंचा, तभी उस पर पिटबुल कुत्ता छोड़ दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म आए, जिन पर 100 से अधिक टांके लगाने पड़े।
घटना सिंहावली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मेरठ के रसूलपुर जाहिद निवासी रमन दूध का कारोबार करते हैं। रमन के अनुसार, गांवड़ी निवासी सोनू पर उनके करीब 3 लाख रुपये बकाया थे। 24 जून को वह रुपये मांगने के लिए सोनू के घर पहुंचे थे। जैसे ही वह घर के अंदर पहुंचे और सोनू के बारे में पूछताछ करने लगे, तभी वहां मौजूद पालतू पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक घर के अंदर प्रवेश करता है। इसी दौरान पिटबुल अचानक उस पर झपट पड़ता है। बचने की कोशिश में युवक जमीन पर गिर जाता है, जिसके बाद कुत्ता उसे लगातार कई बार काटता है। बताया जा रहा है कि पिटबुल ने उसके शरीर पर आठ जगह गंभीर घाव किए।
वीडियो में एक महिला भी नजर आ रही है, जो डंडा लेकर कुत्ते को हटाने की कोशिश करती है। वह लगातार चीखती-चिल्लाती है और युवक को बचाने का प्रयास करती है, लेकिन पिटबुल का हमला नहीं रुकता। इस दौरान महिला खुद भी असंतुलित होकर गिर जाती है। काफी देर की मशक्कत के बाद रमन किसी तरह कुत्ते के चंगुल से निकलकर घर से बाहर भागने में सफल हो जाता है।
हमले में गंभीर रूप से घायल रमन को तत्काल उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। परिजनों का कहना है कि शरीर पर कई गहरे घाव होने के कारण बड़ी संख्या में टांके लगाने पड़े।
घटना के संबंध में रमन ने सिंहावली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी मनोज चहल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है, लेकिन घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।