बागपत

ड्यूटी से घर लौट रहे कर्मचारियों को बाइक सवार बदमाशों ने ऐसे बनाया शिकार, जंगल में तलाश करती रही पुलिस

Highlights देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे थे तीनों कर्मचारी लूट के बाद बाइक से फरार हो गये बदमाश पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
2 min read
• •
Updated: 8 Jan 2020, 4:05 PM IST
gun.jpeg

बागपत। ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे तीन कर्मचारियों से मारपीट कर रटौल-लहचैड़ा मार्ग पर तीन बदमाशों ने नकदी व मोबाइल लूट लिया। पीडि़त जब तक कुछ समझ पाते बदमाश फरार हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बदमाशों की जंगल में तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। क्षेत्र में बढ़ती लूट व चोरी की वारदातों पर रोक न लगने से ग्रामीणों पुलिस के विरूद्ध प्रदर्शन किया और रात्रि गश्त की मांग की।

जानकारी के अनुसार, लहचैड़ा गांव निवासी प्रमोद ,राहुल और चिंटू दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते है । सोमवार देर रात लगभग 9 बजे वह तीनों ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। वह रटौल स्थित लहचैड़ा मार्ग पर ही पहुंचे थे। इसी दौरान यहां पहले से घात लगाये बैठे तीन बदमाशों ने उन पर लाठी -डंडो से हमला कर दिया। इसकी वजह से तीनों युवकों की बाइक खेत में जा गिरी। बदमाशों ने युवकों से नगदी छीनने का प्रयास किया। तभी सामने से बाइक आती देख बदमाश युवकों का बैग छिनकर तमंचा लहराते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गये । बैग में आठ हजार रुपये व अन्य कीमती सामान बताया गया है।

शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण और पुलिस

युवकों के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। पीडि़तों के परिजनों ने मामले की सूचना रटौल पुलिस चौकी व डायल 100 पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल मे बदमाशों को काफी तलाशा, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। वही ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और रात्रि गश्त लगाने की मांग की।

Published on: