बागपत

चार पुलिस कर्मियों ने शराब पीकर बैरक में किया हाईवोल्टेज ड्रामा, एसपी ने उतार दिया नशा

पुलिस लाइन से बड़ा मामला सामने आया। चार पुलिसकर्मी शराब के नशे में बैरक में हंगामा करते पकड़े गए। साथी कर्मचारियों से अभद्रता की और गंदगी भी फैलाई। मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि होने पर SP ने सभी को सस्पेंड कर जांच शुरू करा दी है।
less than 1 minute read
Sep 06, 2025
Police
फोटो सोर्स पत्रिका

बागपत पुलिस लाइन से गुरुवार रात एक बड़ी लापरवाही और अनुशासनहीनता का मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत चार पुलिसकर्मियों ने न केवल बैरक में उत्पात मचाया। बल्कि साथी कर्मचारियों के साथ अभद्रता भी की। मामला तब उजागर हुआ जब रात में निरीक्षण पर पहुंचे आरआई राधेश्याम ने पूरी हकीकत अपनी आंखों से देखी। बैरक में फैली गंदगी और नशे की हालत में मिले पुलिसकर्मियों को देख कर उन्होंने तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी। चारों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया।

ड्यूटी के दौरान अनुशासन तोड़ने वाले इन पुलिसकर्मियों के नाम हेड कांस्टेबल सुभाष चंद, धर्मेंद्र, कपिल शर्मा और गौरव कुमार बताए जा रहे हैं। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि सभी ने शराब का सेवन किया था। इस दौरान मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन चारों ने उल्टा उनके साथ ही बदसलूकी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सूरज कुमार राय ने सख्ती दिखाते हुए चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। एसपी ने साफ कहा है कि पुलिस बल में इस तरह की हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि नशे में उत्पात मचाने और अनुशासन भंग करने के मामले की विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।

जांच पूरी होने पर हो सकती बड़ी कार्रवाई

यह घटना सवाल खड़े करती है कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस में ही अगर इस तरह की अनुशासनहीनता होगी। तो इसका असर पूरी छवि पर पड़ता है। फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। और उच्चाधिकारियों ने संकेत दिए हैं। कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
06 Sept 2025 09:06 am
Published on:
06 Sept 2025 09:06 am