बागपत

ड्यूटी से लौट रहे सिपाही को बदमाशों ने गोली मारी, आईजी समेत आलाधिकारी मौके पर

आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि बदमाशों की गोली से सिपाही अरुण कुमार घायल हुए हैं। उनको गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 min read
Sep 09, 2021

बागपत. डयूटी से लौट रहे सिपाही को बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से गोली मार दी। सिपाही के सीने में दो गोलियां लगी और वह लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। जानकारी पुलिस अधिकारियों को लगी तो हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालात गंभीर होने के चलते उसको गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर आईजी समेत तमाम आलाधिकारी मौजूद हैं। घटना बुधवार देर रात की है। सिपाही खेकड़ा से ड्यूटी समाप्त कर बागपत पुलिस लाइन लौट रहा था।

ड्यूटी के बाद वापस पुलिस लाइन जा रहा था सिपाही

हापुड़ जिले के बाबूगढ़ छावनी क्षेत्र के नली गांव निवासी सिपाही अरुण कुमार बागपत जिले में पुलिस लाइन में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी खेकड़ा थाना क्षेत्र में यूपी 112 पर चल रही है। बुधवार देर रात अरूण कुमार ड्यूटी समाप्त कर बाइक से पुलिस लाइन लौट रहे थे। खेकड़ा-बंदपुर संपर्क मार्ग पर ग्राम बंदपुर के निकट बदमाशों ने पहले उनको रोकने की कोशिश की। अरूण जब नहीं रूके तो बदमाशों ने उनको पीछा करते हुए उनको निशाना बनाकर फायर कर दिया। जिससे दो गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने के कारण गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डाक्टर भूपेंद्र सिंह के मुताबिक सिपाही के सीने में दो गोली लगी हैं।

अस्पताल पहुंचे आईजी रेंज मेरठ

सिपाही को गोली मारे जाने की सूचना पर मेरठ आईजी प्रवीण कुमार भी गाजियाबाद पहुंच गए। उन्होंने एसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। आईजी ने अस्पताल के चिकित्सकों से भी बात की और सिपाही को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया।

गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा है इजाल

आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि बदमाशों की गोली से सिपाही अरुण कुमार घायल हुए हैं। उनको गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली किसने और क्यों मारी, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

Updated on:
09 Sept 2021 10:31 am
Published on:
09 Sept 2021 10:29 am
Also Read
View All