बहराइच

AIMIM का यूपी में बड़ा चेहरा: कौन हैं मटेरा से उम्मीदवार बनाए गए शौकत अली?

AIMIM UP President: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले AIMIM ने बहराइच की मटेरा सीट से प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को उम्मीदवार घोषित कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल से राजनीति शुरू करने वाले शौकत अली पिछले एक दशक से AIMIM को यूपी में मजबूत करने में जुटे हैं। पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

2 min read
Jun 15, 2026
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बाहर निकलते AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली फोटो सोर्स पार्टी X अकाउंट
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बाहर निकलते AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली फोटो सोर्स पार्टी X अकाउंट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच AIMIM ने बहराइच की मटेरा विधानसभा सीट से अपना पहला उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को चुनाव मैदान में उतारा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आने वाले शौकत अली लंबे समय से पार्टी संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। यूपी में AIMIM का सबसे बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

बहराइच की मटेरा विधानसभा सीट से AIMIM के उम्मीदवार घोषित किए गए शौकत अली उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वर्तमान में वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और पिछले एक दशक से अधिक समय से उत्तर प्रदेश में AIMIM के संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। शौकत अली का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल से शुरू हुआ था। वर्ष 2013 में उन्होंने AIMIM का दामन थामा और पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के करीबी सहयोगियों में शामिल हो गए। संगठनात्मक क्षमता और सक्रियता को देखते हुए वर्ष 2016 में उन्हें उत्तर प्रदेश इकाई की कमान सौंप दी गई। तब से वह प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।

AIMIM को नई पहचान दिलाने का किया प्रयास

पश्चिमी उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाले शौकत अली ने प्रदेशभर में अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों और वंचित समुदायों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कई जिलों में जनसभाएं, सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार कार्यक्रम चलाकर AIMIM को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया है।

मटेरा सीट वर्तमान में समाजवादी पार्टी के कब्जे

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मटेरा सीट से शौकत अली को उम्मीदवार बनाकर AIMIM ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है। खास बात यह है। कि मटेरा सीट वर्तमान में समाजवादी पार्टी के कब्जे में है। ऐसे में यहां मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।

15 जून को मटेरा में आयोजित जनसभा में घोषित हुए प्रत्याशी

15 जून 2026 को मटेरा में आयोजित जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने शौकत अली के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार बताया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में AIMIM के चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज भी हो गया है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि शौकत अली मटेरा के चुनावी मैदान में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।

Updated on:
15 Jun 2026 01:40 pm
Published on:
15 Jun 2026 01:39 pm