Bahraich fire incident: बहराइच में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां आग में झुलसी महिला को अस्पताल ले जाते समय उसके सौतेले भाइयों और भतीजों ने सड़क पर गिराकर पीटा। महिला ने भाइयों पर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
बहराइच में एक महिला के साथ हुई दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। घर में आग लगने से बुरी तरह झुलसी महिला किसी तरह चीखते हुए बाहर निकली। पति उसे बाइक से ले जाने लगा। लेकिन रास्ते में महिला के सौतेले भाइयों और भतीजों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने घायल महिला और उसके पति को सड़क पर गिराकर पीटा। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र के नूरुद्दीनचक गांव में शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां रहने वाली 38 वर्षीय चंदा अपने पति राजीव के साथ घर में मौजूद थी। तभी अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि महिला बुरी तरह झुलस गई। दर्द से चीखती हुई वह किसी तरह घर से बाहर भागी। पति राजीव ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की। तब तक महिला के कपड़े पूरी तरह जल चुके थे। वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। हालत बिगड़ती देख राजीव उसे बाइक से अस्पताल ले जाने लगा। इसी दौरान रास्ते में महिला के सौतेले भाई और भतीजे पहुंच गए।
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले राजीव को बाइक से खींचकर नीचे गिराया। इसके बाद घायल महिला को सड़क पर पटक दिया। दोनों के साथ मारपीट की। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। करीब चार मिनट के वीडियो में विवाद और मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला करीब 60 प्रतिशत तक जल चुकी है। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके सौतेले भाइयों ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। वहीं पति राजीव ने भी पुलिस में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर चंदा के भाइयों से लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। इसी रंजिश में घर में आग लगाई गई। और बाद में हमला किया गया।
जानकारी के मुताबिक चंदा की यह तीसरी शादी है। वह पिछले कुछ समय से अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। पुराने घर से सामान निकाल रही थी। इसी मकान को लेकर उसके भाइयों से पांच साल से विवाद चल रहा है। कुछ महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज मिला है। मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने कहा कि पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।