बहराइच

बहराइच में 51 लाख की अफीम बरामद, नेपाल कनेक्शन आया सामने, पुलिस-एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

Bahraich opium smuggling: बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की संयुक्त कार्रवाई में 51 लाख रुपये की अफीम बरामद हुई है। नेपाल कनेक्शन वाले इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
2 min read
May 16, 2026
पुलिस टीम के साथ पकड़े गए आरोपी बरामद अफीम फोटो सोर्स विभाग
पुलिस टीम के साथ पकड़े गए आरोपी बरामद अफीम फोटो सोर्स विभाग

बहराइच के रुपईडीहा इलाके में पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की संयुक्त टीम ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद हुई है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी नेपाल और बहराइच के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रुपईडीहा पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से भारी मात्रा में अफीम बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबागंज इलाके में दो युवक मादक पदार्थ लेकर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक संयुक्त टीम बनाई गई। इस टीम में एएनटीएफ बाराबंकी के उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, करुणेश पांडे, मनीष दुबे के साथ रुपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत और उपनिरीक्षक जीतेश सिंह शामिल रहे।

दो युवकों के पास से 10 किलो 50 ग्राम अफीम हुई बरामद

टीम ने बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी शुरू की। कुछ देर बाद वहां पहुंचे दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 51 लाख रुपये आंकी गई है।

एक बहराइच तो दूसरा नेपाल का रहने वाला

पकड़े गए आरोपियों की पहचान नेपाल के रहने वाले खिम बहादुर कार्की और बहराइच के बाबागंज के रहने वाले पंकज वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच में जुटी, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

थाना प्रभारी रमेश रावत ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी। इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Updated on:
16 May 2026 06:07 pm
Published on:
16 May 2026 06:05 pm