बहराइच

Bahraich Police Action: बहराइच में पुलिस का बड़ा एक्शन: 612 वाहनों के चालान, 7.88 लाख का जुर्माना

Bahraich Police Action: बहराइच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। अभियान में 612 वाहनों के चालान किए गए और 7.88 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। तीन सवारी, ओवरस्पीडिंग और सड़क किनारे भारी वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई हुई। मिशन सेफ फ्यूचर के तहत स्कूली वाहनों की भी जांच की गई।
2 min read
Aug 14, 2026
police
इंटरसेप्ट वाहन से चेकिंग करती पुलिस फोटो सोर्स पुलिस X अकाउंट

Bahraich Police Action: बहराइच में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। यातायात पुलिस और नागरिक पुलिस की टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में वाहनों की सघन जांच की। बस, कार, ऑटो और बाइक समेत कई वाहनों की जांच के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की गई। अभियान में 612 वाहनों के चालान किए गए और 7.88 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बहराइच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षकके निर्देश पर 14 अगस्त को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह के नेतृत्व में हुआ। प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश ने यातायात टीम के साथ बस, चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अब बाइक पर तीन सवारी बैठा कर चलने वालों की खैर नहीं

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 612 वाहनों के चालान किए गए। इन पर कुल 7,88,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 33 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसी तरह निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 58 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई हुई। पुलिस ने मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटवाया और उनके खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

अब जानिए मिशन सेफ फ्यूचर अभियान

इसके अलावा मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत परिवहन विभाग के साथ संयुक्त चेकिंग की गई। इसमें स्कूली वाहनों की फिटनेस, जरूरी कागजात, चालक का लाइसेंस, सुरक्षा उपकरण और फर्स्ट एड बॉक्स की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही सड़क हादसे में घायल लोगों की मदद करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Updated on:
14 Aug 2026 06:35 pm
Published on:
14 Aug 2026 06:35 pm