नानपारा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक वारिस अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई...
बहराइच. नानपारा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक वारिस अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उनका शव उन्हीं के घर के अंदर बने तालाब में पाया गया। परिजनों का कहना है कि पूर्व विधायक सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिये घर के अंदर बने तालाब के पास टहल रहे थे। इसी दौरान शायद पैर फिसलने के चलते वह तालाब में डूब गये। संदिग्ध परिस्तिथियों में घर के अंदर बने तालाब में डूबने से हुई पूर्व विधायक के मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है। कोतवाली नानपारा की पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
पूर्व विधायक वारिस अली बहराइच जिले के अल्प संख्यक वर्ग में एक बड़े नेता की अहमियत रखते थे। रविवार सुबह चहेते नेता की मौत की खबर ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे जिले में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना नानपारा पुलिस को दी गई। आनन-फानन में उनके घर के बाहर पुलिस फोर्स के साथ इलाकाई लोगों का जमावड़ा लग गया।
बसपा के टिकट पर जीते थे विधायकी
वारिस अली वर्ष 2007 में नानपारा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, जिसमें उन्हें भारी बहुमत से जीत मिली थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद वारिस अली ने फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह मशहूर सिने स्टार और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के नेतृत्व में चुनाव लड़े। इस चुनाव में भले ही वह बीजेपी प्रत्याशी से हार गये, लेकिन वह दूसरे नंबर (रनर-अप) पर काबिज रहे।
जिले के लोकप्रिय नेताओं में था शुमार
बीएसपी गर्वमेंट में वारिस अली का तगड़ा सिक्का चमक रहा था। वारिस अली नानपारा क्षेत्र के जमीनी पकड़ वाले नेताओं में शुमार किये जाते रहे हैं। अल्पसंख्यक वोट बैंक के नजरिये से वारिस अली जिले में एक कद्दावर चेहरा माने जाते रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के बीच वारिस अली का कद काफी लोकप्रिय नेताओं में गिना जाता है। मजबूत पकड़ वाले इस नेता के मैग्नेट पावर का ही कमाल है कि उनकी पत्नी
गुलशन वर्ष 2000 में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थीं।
जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का कहना है कि पूर्व विधायक सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वाक के लिये घर के अंदर टहल रहे हैं। परिजनों को आशंका है कि शायद पैर फिसलने के दौरान वह तालाब में फिसल गये होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की तफ्तीश कर रही है। एसपी सभाराज ने कहा कि इस मामले की बारीकी से जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो भी बिंदु सामने आयेंगे, उनके आधार पर जांच की जाएगी।