बहराइच

Nepalganj Train: पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी सौगात, अब वाराणसी से सीधे नेपालगंज रोड पहुंचेगी ट्रेन; 1 सितंबर से शुरू होगा सफर

Nepalganj Train: पूर्वांचल के यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। अब वाराणसी सिटी से गोरखपुर, बहराइच होते हुए नेपालगंज रोड तक सीधी ट्रेन चलेगी। 15132/15131 ट्रेन का संचालन 1 सितंबर से शुरू होगा। 31 अगस्त को उद्घाटन विशेष ट्रेन चलेगी। जानें ट्रेन का पूरा टाइम, रूट, कोच और हैदराबाद स्पेशल के बढ़े फेरे।
2 min read
Aug 30, 2026
Nepal
सांकेतिक तस्वीर जेनरेट AI

Nepalganj Train: नेपाल सीमा तक रेल सफर करने वाले पूर्वांचल के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। बहराइच और नेपालगंज रोड के बीच बड़ी रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद रेलवे ने इस रूट पर यात्री ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। अब वाराणसी सिटी से गोरखपुर, बहराइच होते हुए ट्रेन सीधे नेपालगंज रोड तक जाएगी। नई व्यवस्था एक सितंबर से लागू होगी। जबकि 31 अगस्त को उद्घाटन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।

नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्र और पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। बहराइच-नेपालगंज रोड रेलखंड पर अमान परिवर्तन का काम पूरा होने के बाद अब इस रूट पर नियमित यात्री ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। इससे वाराणसी, गोरखपुर, बहराइच और आसपास के क्षेत्रों से नेपाल सीमा तक पहुंचना आसान होगा। रेलवे की नई व्यवस्था के तहत वाराणसी सिटी से गोरखपुर होते हुए बहराइच जाने वाली ट्रेन का विस्तार नेपालगंज रोड तक कर दिया गया है। एक सितंबर से 15132/15131 नंबर की ट्रेन प्रतिदिन वाराणसी सिटी और नेपालगंज रोड के बीच चलेगी। इसके साथ ही गोरखपुर-बहराइच के बीच चल रही 05131/05132 स्पेशल ट्रेन का संचालन समाप्त कर दिया जाएगा।

फोटो टाइम टेबल

एसी, शयनयान समेत लगेंगे 18 कोच

इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी को मिलाकर कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के मुताबिक, नई सेवा की शुरुआत से पहले 31 अगस्त को उद्घाटन विशेष ट्रेन संचालित की जाएगी।

जानिए ट्रेन का पूरा टाइम

15132 नंबर की ट्रेन वाराणसी सिटी से रात 10:35 बजे रवाना होगी। मऊ, भटनी और देवरिया के रास्ते यह ट्रेन अगले दिन सुबह 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से 4:10 बजे चलकर आनंदनगर, बढ़नी और बहराइच होते हुए सुबह 11:45 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी। वापसी में 15131 नंबर की ट्रेन नेपालगंज रोड से शाम 4:30 बजे चलेगी। बहराइच, बढ़नी और आनंदनगर होते हुए यह रात 12:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से 12:20 बजे रवाना होकर देवरिया, भटनी और मऊ के रास्ते अगले दिन सुबह 5:30 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।

फोटो टाइम टेबल

हैदराबाद स्पेशल के भी बढ़े फेरे

रेलवे ने गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन को भी अतिरिक्त संचालन की मंजूरी दी है। 07076 नंबर की गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल ट्रेन 6, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर कानपुर सेंट्रल, भोपाल और नागपुर के रास्ते अगले दिन शाम 5:25 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

Updated on:
30 Aug 2026 05:51 pm
Published on:
30 Aug 2026 05:51 pm