इंजीनियरिंग के छात्र के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बहराइच. उत्तर प्रदेश की हुकूमत में योगी आदित्यनाथ जैसी सशक्त सरकार के शासनकाल में भी अपराधी इस कदर बेलगाम हैं कि उन्हें पुलिस और कानून का मानों कोई खौफ रहा ही नहीं। ताजी घटना सीमावर्ती जिले बहराइच में सामने आयी है, जहां असलहों से लैश अपाची सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े बेखौफ तरीके से पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढऩे वाले एक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पहले पीटा, फिर मार दी गोली
घायल छात्र को उसके सहयोगियों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती घायल छात्र सऊद अहमद खान ने बताया कि वह बहराइच पॉलिटेक्निक कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग ट्रेड में सेकेण्ड ईयर का छात्र है, जो बैक पेपर का फार्म सबमिट करने के लिये कॉलेज गया था। कॉलेज से वापस आते समय लाल रंग की अपाचे मोटर साइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने रोककर पहले तो जमकर पिटाई की फिर भागते समय उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि छात्र सऊद अहमद खान को सिर्फ एक गोली लगी। घायल छात्र किसी प्रकार की रंजिस से इनकार कर रहा है। वहीं आरोपियों के बारे में भी पूरी तरह अनभिज्ञता जता रहा है।
आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस टीम दे रही दबिश
छात्र पर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। पुलिस अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थाना दरगाह की पुलिस टीम बदमाशों को पकडऩे के लिए दबिश दे रही है। वहीं, घटना स्थल का मुआयना करने पहुंचे एसपी सिटी अतुल यादव ने घायल की तहरीर के मुताबिक हमलावरों की शिनाख्त कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा जताया है। अब देखना यह होगा कि इस गोलीकांड की घटना के पीछे क्या राज बाहर निकल कर सामने आता है।