बहराइच

Bahraich Violence: बहराइच हिंसा पर प्रियंका गांधी ने दी प्रतिक्रिया, X पर पोस्ट कर सीएम योगी से की ये अपील

Priyanka Gandhi on Bahraich Violence: बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में बीच हुई झड़प ने हिंसा का रूप ले लिया है। अब इस मामले पर प्रियंका गांधी ने सीएम योगी से एक्शन लेने की अपील की है।
2 min read
Oct 14, 2024
Priyanka Gandhi on Bahraich Violence

Priyanka Gandhi on Bahraich Violence: उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा मूर्ति विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान हुए बवाल के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। बढ़ती हिंसा को देखते हुए फिलहाल सरकार ने कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया है। इसी बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बहराइच हिंसा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

‘दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो’

प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “बहराइच, उत्तर प्रदेश में हो रही हिंसा और प्रशासन के निष्क्रिय होने की खबरें अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री जी एवं राज्य प्रशासन से अपील करती हूं कि त्वरित एक्शन लेते हुए, जनता को विश्वास में लें और हिंसा रोकें। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। जनता से मेरी करबद्ध अपील है कि कृपया कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।”

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, महसी में 13 अक्टूबर को दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों आपस में भिड़ गए थे। इस बीच गोली भी चली जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने शव के साथ सड़क पर रख प्रदर्शन किया। अंतिम संस्कार को देखते हुए और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

बहराइच की घटना पर एसपी वृंदा शुक्ला

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बहराइच की घटना पर एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया, “हम पूरी स्थिति पर नियंत्रण पा रहे हैं। हमने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हम उन सभी उपद्रवियों को तितर-बितर करने की कोशिश कर रहे हैं जो परेशानी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है।”