
Wolf Snatched Newborn: उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भेड़िए ने नवजात पर हमला कर दिया। 3 महीने की बच्ची को मां की गोद से भेड़िया छीनकर ले गया। महिला चिल्लाई तो उसके पति ने भेड़िए का पीछा किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पूरा मामला बौंडी थाना इलाके के भौंरी बहोरवा गांव का बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे भेड़िए ने हमला किया। इस दौरान बच्ची अपनी मां के पास बरामदे में सो रही थी। बता दें कि भेड़िए का इलाके में ये पहला हमला नहीं है। पिछले 48 घंटे में जिले में भेड़िया 2 बच्चों की मौत का कारण बन चुका है। 7 साल की बच्ची पर बुधवार को भेड़िए ने हमला कर दिया था।
भेड़िए के हमले के 3 घंटे बाद बच्ची का सिर्फ सिर गन्ने के खेत में मिला। सिर के पास बच्ची के हाथ में पहना ब्रेसलेट (कड़ा) मिला।जिससे उसकी पहचान हो सकी। घटना के बाद बच्ची के माता-पिता फूट-फूट कर रो पड़े। बच्ची की मां ने रोते बिलखते कहा, ''अपनी 3 महीने की बच्ची संध्या को लेकर बरामदे में, मैं सो रही थी। रात करीब 3 बजे अचानक भेड़िया बच्ची को जबड़े में दबोचकर ले गया। शोर मचाने पर परिजन जाग गए। पति ने लाठी लेकर भेड़िए का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर भेड़िया भाग चुका था।''
इसके बाद आसपास के लोगों और वन विभाग को बच्ची के पिता ने सूचना दी। सुबह 6 बजे गन्ने के खेत में बच्ची की सिर्फ खोपड़ी नजर आई। बाकी का हिस्सा भेड़िया खा चुका था।मामले को लेकर वन विभाग के DFO राम सिंह यादव का कहना है कि हमले का पैटर्न और पैरों के निशान भेड़िए के लग रहे हैं। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पिंजरे लगाने के साथ ड्रोन कैमरों से इलाके की निगरानी की जाएगी।