बालाघाट

बाइक से बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचा पिता, नहीं बची जिज्ञासा, बालाघाट में माता-पिता के सामने थमी सांसें

Snake Bite Case: सांप के डसने के बाद बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचा पिता, एंटी स्नेक वैक्सीन देने के बाद भी नहीं बचा पाए डॉक्टर्स, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 6:47 PM IST
Balaghat Snake Bite Case
16 year old girl jigyasa dies after snake bite, मृतका जिज्ञासा की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)

Balaghat Snake Bite Case: मध्यप्रदेश के खैरलांजी थाना क्षेत्र में सांप के डसने से एक 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। सांप के डसने के बाद पिता बेटी को बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचा था, अस्पताल में डॉक्टर्स ने एंटी स्नेक वैक्सीन दी लेकिन फिर भी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन माता-पिता बेटी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचते इससे पहले उनकी आंखों के सामने बेटी की सांसें उखड़ गईं और जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

खेत में सांप ने डसा

खैरलांजी थाना क्षेत्र के नोनसा गांव में रहने वाली 16 वर्षईय जिज्ञासा टेंभरे सोमवार को परिवार के साथ खेत में बोझा बांधने गई थी। खेत में काम करने के बाद लौटते वक्त मेड़ पर किसी जहरीले सांप ने जिज्ञासा को डस लिया। सांप के डसते ही जिज्ञासा चिल्ला उठी, माता-पिता भागकर उसके पास पहुंचे तो सांप को देखा और जिज्ञासा ने सांप के डसने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन बिना वक्त गंवाए जिज्ञासा को बाइक से खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

माता-पिता के सामने थमी सांसें

खैरलांजी अस्पताल में डॉक्टर्स ने जिज्ञासा को एंटी स्नेक वैक्सीन दी लेकिन इसके बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। माता-पिता बेटी जिज्ञासा को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे इसी दौरान रास्ते में जिज्ञासा की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जिज्ञासा को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना का पता चलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

सांप के काटने पर क्या करें?

  • सुरक्षित दूरी से संभव हो तो सांप की फोटो लें, लेकिन इसके लिए जोखिम न उठाएं।
  • काटे गए अंग को स्थिर रखें और अनावश्यक हलचल से बचें।
  • व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाएं।
  • चीरा लगाने, जहर चूसने या झाड़-फूंक जैसी प्रक्रिया न करें।
  • सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश न करें।
Updated on:
26 Oct 2026, 6:47 PM IST
Published on: