
Balaghar News : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना इलाके के अंतर्गत ग्राम सायर टेमनी के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां बोरवेल खुदाई करने के बाद वापस लौट रहा बोर मशीन वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पर पलट गया है। इस हादसे में वाहन में सवार चालक समेत सात लोग घायल हो गए हैं, जबकि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा - तफरी मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बोरिंग मशीन वाहन ग्राम सायर टेमनी के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क की ढलान पर अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया गया। वाहन चालक अनिल महतो झारखंड राज्य के रामगढ़ का रहने वाला है। उसने बताया कि, बोर की खुदाई का काम पूरा करने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक ढलान पर ब्रेक फेल हो गए। सामने बाइक से जा रहे मैनेजर को हॉर्न बजाकर रास्ते से हटने के लिए कहा गया, लेकिन इससे पहले ही वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार मैनेजर भी घायल हो गया।
इस भीषण हादसे में वाहन की चपेट में आए रोहित नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अनिल महतो समेत सात लोग घायल हो गए हैं। घायलों में उत्तम राम निवासी मोहार, कुंजराम नायक निवासी मोहडीह और मैनेजर खेमराज उईके समेत अन्य लोग शामिल हैं।
घटना की जानकारी लगते ही एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल लांजी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां बीएमओ अक्षय उपराड़े और चिकित्सकीय स्टाफ द्वारा घायलों का उपचार शुरू किया गया। वहीं, दो घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।