
Balaghat Girl Murder case: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना अंतर्गत 5 अगस्त को मिली युवती की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवती का प्रेमी ही निकला है जिसने गला रेतकर प्रेमिका की हत्या की थी और फिर नहर में शव को फेंककर फरार हो गया था। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी कार गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर दिया था और ट्रेन पकड़कर फरार हो गया था।
बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम डोंगरगांव पुलिया के पास नहर में 5 अगस्त को एक अज्ञात युवती की लाश मिली थी। तफ्तीश के दौरान युवती की शिनाख्त बालाघाट जिले के लालबर्रा के एक गांव की निवासी के रूप में हुई थी। शव के निरीक्षण में गले पर धारदार वस्तु से काटे जाने का गंभीर घाव मिला था। पुलिस की जांच में ये भी पता चला कि युवती ने संतोष ठाकरे (25) नाम के युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था।
पुलिस ने संतोष ठाकरे की तलाश शुरू की तो वो लापता था। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि युवती और संतोष के बीच बीते कुछ साल से प्रेम प्रसंग था लेकिन कुछ समय पहले संतोष ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली थी। इसके बाद युवती ने संतोष के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद से आरोपी लगातार युवती से संपर्क में था और उस पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर आरोपी संतोष ठाकरे को सरंडी गांव के पास सावंगी से गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वो 31 जुलाई को युवती को घूमाने के बहाने अपने साथ कार से ले गया। पहले वो युवती को लेकर नागपुर गया, फिर इटारसी और फिर छिंदवाड़ा यहां एक-एक दिन रुकने के बाद आरोपी 4 अगस्त को से बालाघाट लेकर आया और उस पर दुष्कर्म का केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया। युवती ने शर्त रखी कि अगर वो अपनी पत्नी को छोड़ देगा और उससे शादी करेगा तो वो केस वापस ले लेगी। क्योंकि संतोष इसके लिए तैयार नहीं था इसलिए दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान आरोपी ने ब्लेड से गला रेतकर युवती की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंककर फरार हो गया था।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कार को गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार, ब्लेड और खून से सने आरोपी के कपड़े बरामद किए हैं। कार में भी खून के निशान पुलिस को मिले हैं।