
11 year old school girl nisha suspicious death, मृतका निशा की जीवित अवस्था की तस्वीर व परिजन (Source-Patrika)
Damoh School Girl Death: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया संकुल के तहत घाट पिपरिया के पास स्थित टिकरी घाट प्राथमिक स्कूल में अध्ययनरत एक 11 वर्षीय छात्रा की स्कूल में मौत की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। छात्रा पांचवीं में पढ़ती थी और रोज की तरह स्कूल आई थी, जहां दोपहर में मध्यान्ह भोजन के बाद अचानक गिरी और अचेत हो गई। जब तक बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, देर हो चुकी थी। मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
टिकरी घाट निवासी राकेश यादव की दो बच्चियां प्राथमिक शाला टिकरी घाट में अध्ययनरत हैं। रोज की तरह गुरुवार को भी दोनों स्कूल गई थीं, दोनों ने ही मध्यान्ह भोजन किया और कुछ देर के लिए घर चली गईं। वहां से दोनों दुकान से स्नैक्स के पैकट लेकर आईं और उन्हें भी खा लिया। इसके बाद पांचवी क्लास में पढ़ने वाली 11 वर्षीय निशा यादव स्कूल की पट्टी पर बैठ गई और अचानक से गिरकर बेहोश हो गई। निशा के बेहोश होने की जानकारी तत्काल ही शिक्षक हरि सींग ने परिजनों को दी।
परिजन स्कूल पहुंचे और 108 एंबुलेंस पर कॉल किया, लेकिन एंबुलेंस आधा घंटे बाद भी नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों बच्ची निशा को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने निशा को मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत कैसे हुई, उसका कारण क्या है, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जानकारी लगते ही बीआरसी दमोह ललित रैकवार जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक छात्रा के परिजनों से बात की। साथ ही शिक्षक से पूरी जानकारी प्राप्त की। मामला संदिग्ध होने पर बीआरसी ने परिजनों को पोस्टमॉर्टम कराने के लिए मनाया, इसके बाद छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और शाम को शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। निशा की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
मामले में डीपीसी मुकेश द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मध्यान्ह भोजन सभी बच्चों ने किया था। वहीं, दुकान से लाकर जो स्नेक्स छात्रा ने खाया है, वह उसकी बहन ने भी खाया था। ऐसे में फिलहाल मौत की वजह को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। पोस्टमॉर्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। बीआरसी दमोह को भी पूरे मामले की जांच करने कहा गया है।
Updated on:
13 Aug 2026 07:01 pm
Published on:
13 Aug 2026 07:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
