
Balaghat Newlywed Woman Death: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बारासिवनी थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नवविवाहिता को परिजन सिरदर्द और उल्टियां होने के कारण अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टर्स ने इलाज शुरू किया लेकिन इसी बीच नवविवाहिता को एक झटका आया और उसकी सांसें थम गईं। नवविवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
वारासिवनी थाना क्षेत्र के नेवरगांव की रहने वाली जया दुनाड़कर की गुरुवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। जया की शादी साल 2025 में हुई थी, जया की एक नौ महीने की बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक जया को बीते कुछ दिनों से सिरदर्द हो रहा था। उसे गांव के ही डॉक्टर को दिखाया था और उसकी दवा से उसे राहत भी मिली थी। लेकिन बुधवार को सिरदर्द के साथ जया को उल्टियां होने लगीं। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात को इलाज के दौरान अचानक जया को एक झटका आया और उसकी मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक आने से जया की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि मामले में शून्य पर मर्ग कायम किया गया है। मर्ग डायरी संबंधित थाना क्षेत्र भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच होगी। मौत का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल पाएगी। जया की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।