
Rahul Gandhi Balaghat Child: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आने के बाद भले ही ग्राम जगला के हालात में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। लेकिन जिस बच्चे को राहुल ने गोद में उठाकर दुलार किया था वो स्टार बन गया है। अब बच्चे लोकेश को मां राहुल के नाम से ही पुकारने लगी है और इतना ही नहीं बच्चे से मिलने के लिए अलग-अलग जगह से लोग भी पहुंच रहे हैं। लोग उसके लिए गिफ्ट ला रहे हैं और लौटते समय पैसे बी देकर जा रहे हैं।
पांच महीने के लोकेश ने दो माह पहले बीमार हुआ था। उसने पहले बीमारी से जंग जीती फिर जब उसके गांव में राहुल गांधी आए और उसे गोद में लेकर दुलारा तो वह गांव का स्टार बन गया। गांव में आने वाला हर कोई उससे मिलना चाह रहा है। बाहर से कुछ लोग केवल उससे ही मिलने के लिए आ रहे हैं। उसके साथ फोटो भी खिंचवा रहे हैं। लोकेश की मां बम्हनी ने बताया कि शुक्रवार की शाम को दो वाहन से लोग आए थे। उन लोगों ने लोकेश के साथ समय बिताया और उसको पैसे व उपहार भी दिए।
बच्चे की मां ने बताया कि जब से राहुल गांधी ने लोकेश को गोद में लेकर दुलारा है, उन्होंने उसका नाम राहुल ही रख दिया है और राहुल कहकर ही अब उसे पुकारती हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के पिता, दादी व परदादा प्रधानमंत्री रहे हैं। उनके साथ मेरे बेटे के बिताए गए पल जीवन भर के लिए यादगार हो गए हैं।
ग्राम जगला के जिन चार बच्चों की बीमारी से मौत हुई है। उसमें लोकेश की बहन नीलम भी शामिल है। उसके परिजनों को अब तक मुआवजा भी नहीं मिला है। लोकेश भी दो माह पहले बीमार हुआ था। उसकी मां ने बताया कि झोलाछाप डॉक्टर के उपचार से वह ठीक हो गया था।