बालाघाट

बालाघाट में दिनदहाड़े रिटायर्ड शिक्षक दंपती को बंधक बनाकर करीब 8 लाख की लूट

Daylight Robbery: रस्सी से कुर्सी पर बांधकर की पिटाई फिर आलमारी से लूटा जेवर व नकदी, करीब 8 लाख रुपये की लूट का अंदेशा, लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कुलपा की घटना।
2 min read
balaghat
retired teacher couple daylight robbery, घर में बिखरा हुआ सामान (Source-patrika)

Balaghat Daylight Robbery: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना जिले के लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुलपा की है। यहां रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक शत्रुघ्न लिल्हारे के घर शनिवार को दिनदहाड़े लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। पांच लुटेरों ने लिल्हारे दंपती की पिटाई की इसके बाद नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची लांजी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। देर शाम तक पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

दंपती को बंधक बनाकर लूट

पीड़ितों ने बताया कि दोपहर में पांच लोग घर में दाखिल हुए। उन लोगों ने टॉवर लगाने की बात कही, इसके बाद शत्रुघ्न और उनकी पत्नी को बंदूक व चाकू दिखाकर धमकाया और रस्सी से कुर्सी में बांधकर बेरहमी से पिटाई की। घर की अलमारी में रखे नकदी व सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। ग्रामीणों ने घायल दंपती को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया है। उनके घर से कितने की लूट हुई है। इसका पता नहीं चल पाया है, पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस मिला है। पुलिस की डॉग स्क्वॉड टीम भी जांच के लिए पहुंची थी।

'घटना को अंजाम देने के पूर्व लुटेरों ने पी चाय'

घायल दंपती के शिक्षक पुत्र श्याम सुंदर सूचना के बाद मौके पर पहुंचे और बताया कि वे घर पर नहीं रहते हैं। कुछ दिन पूर्व पिताजी ने बताया था कि मई और जून माह में अलग-अलग तीन से चार लोग घर पर आए थे। उन लोगों ने टावर लगाने की बात कही थी। अनुमान है कि वे लोग ही शनिवार को आए थे। उन लोगों ने पहले बातचीत की और पिताजी ने उनके लिए चाय बनवाई, इसके बाद उन लोगों ने घटना को अंजाम दिया। बेटे श्याम सुंदर ने बताया कि लुटेरों ने मेरी मां का पूरा जेवर व नकदी लूट लिया है। कुल कितने की रकम ले गए हैं, इसकी जानकारी माता-पिता ही दे पाएंगे। परिजनों के अनुसार नकदी सहित करीब आठ लाख रुपए की लूट का अनुमान है।

Updated on:
25 Jul 2026 08:51 pm
Published on:
25 Jul 2026 08:51 pm