बालाघाट

Balaghat News: सवाल पूछने पर भड़कीं सरपंच, पहले उंगली और फिर चप्पल दिखाई

Sarpanch Viral Video: खैरलांजी की मोवाड़ पंचायत का मामला, मंगलवार को पंचायत भवन में ग्रामसभा की बैठक में हुई घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर हुआ वायरल।
2 min read
balaghat sarpanch video viral
sarpanch viral video shows slipper to villagers in gram sabha, महिला सरपंच उंगली दिखाते हुए व इंसर्ट में चप्पल हाथ में लिए हुए (Source- Patrika)

Balaghat Sarpanch Viral Video: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक महिला सरपंच का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो खैरलांजी की मोवाड़ पंचायत का है। इस वीडियो में महिला सरपंच सवाल पूछने पर भड़कती हुईं नजर आ रही हैं, इस दौरान महिला सरपंच ने अभद्र व्यवहार भी किया और पहले उंगली दिखाकर धमकी भरे लहजे में बात की और फिर हाथ में चप्पल उठाकर भी दिखाई। वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है जो कि गुरुवार को वायरल हुआ है।

सवाल पूछने पर भड़कीं सरपंच

बालाघाट के खैरलांजी जनपद क्षेत्र की मोवाड़ पंचायत में मंगलवार को ग्रामसभा की बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में सरपंच वर्षा कहालकर के साथ पंचायत के अन्य सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे, इसी दौरान ग्रामीणों ने जब पंचायत के नए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्कूलों की बाउंड्रीवाल, स्ट्रीट लाइट, आवास योजना के लाभार्थियों की सूची और मजदूरों की संख्या जैसे विषयों पर सवाल पूछे तो सरपंच वर्षा कहालकर भड़क गईं।

देखें वीडियो-

पहले उंगली और फिर चप्पल दिखाई

वीडियो में दिख रहा है कि सवालों से भड़कीं सरपंच वर्षा कहालकर पहले तो उंगली दिखाकर ग्रामीणों से बात कर रही हैं और फिर चप्पल हाथ में उठाकर ग्रामीणों की तरफ दिखाते हुए मारने का इशारा कर रही हैं। महिला सरपंच के चप्पल उठाते ही ग्रामसभा की बैठक में ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और सरपंच का विरोध किया। मौके पर मौजूद पंचायत सचिव, सहायक सचिव व पंचायत के सदस्यों ने किसी तरह मामले को शांत कराने की कोशिश करते भी वीडियो में दिख रहे हैं।

सरपंच के व्यवहार पर ये बोले ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में सरपंच वर्षा कहालकर के पति होलूराम कहालकर का सीधा हस्तक्षेप है। बैठक के दौरान जब हमने सरपंच से कहा कि पंचायत के कामों के बारे में आपको जानकारी देनी चाहिए न कि आपके पति को तो भड़क गईं और अभद्र व्यवहार किया। ग्रामीणों का कहना है कि आवेदन तैयार कर जिला कलेक्टर से पूरे मामले की शिकायत की जाएगी।

सरपंच पति ने दी सफाई

वहीं इस मामले पर सरपंच पति होलूराम कहालकर ने सफाई देते हुए कहा है कि बैठक के दौरान कुछ ग्रामीण लगातार अभद्र भाषा में बात कर सरपंच को उकसा रहे थे। आवेग में आकर सरपंच ने भी चप्पल उठा ली। उनका कहना है कि ग्राम सभा की बैठक के 15 दिन पहले से ही सोशल मीडिया पर सरपंच को बदनाम करने और उकसाने का काम किया जा रहा था।

Updated on:
20 Aug 2026 06:28 pm
Published on:
20 Aug 2026 06:24 pm